आगजनी से पीडि़त परिवारों के पुनर्वास के लिए बढ़चढक़र आगे आकर करें सहयोग : उपायुक्त
-उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला प्रशासन की ओर से मानवीय आधार पर किया आह्वान
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला प्रशासन की ओर से मानवीय आधार पर सोमवार को पलवल के सेक्टर-2 स्थित धर्मनगर कॉलोनी की झुग्गी-झोपडिय़ों में लगी आग से प्रभावित पीडि़त परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके पुनर्वास के लिए आम जनता सहित जिले के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों और संस्थाओं से मदद के लिए बढ़चढक़र आगे आकर सहयोग करने की अपील की है।
पलवल : उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला प्रशासन की ओर से मानवीय आधार पर सोमवार को पलवल के सेक्टर-2 स्थित धर्मनगर कॉलोनी की झुग्गी-झोपडिय़ों में लगी आग से प्रभावित पीडि़त परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके पुनर्वास के लिए आम जनता सहित जिले के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों और संस्थाओं से मदद के लिए बढ़चढक़र आगे आकर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और विभागों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के पुनर्वास के लिए कृतसंकल्प है, जिसके लिए पुरजोर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगजनी में लगभग 30 झुग्गियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं हैं और उनमें रहने वाले परिवारों का सारा सामान भी जलकर राख हो गया। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए अस्थायी रूप से धर्म नगर कॉलोनी के नजदीक प्रजापति भवन में रहने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी जिला वासियों से आग्रह किया कि वे इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं और यथासंभव योगदान दें।

आगजनी की इस दुखद घटना से प्रभावित लगभग 20 परिवारों के 110 सदस्यों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, के सामने रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी उत्पन्न हो गई है। इन परिवारों के लिए तत्काल प्रभाव से राशन सामग्री जैसे आटा, चावल, दाल, तेल, नमक, चीनी, दूध, टूथपेस्ट, टूथब्रश, साबुन, बच्चों के लिए सूखा खाद्य पदार्थ, पीने का साफ पानी, कपड़े, बिस्तर, दवाइयां और अन्य जरूरी घरेलू सामान उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। धार्मिक और समाजसेवी संस्थाओं से अपील है कि वे आगे आकर इन जरूरतमंद परिवारों की सहायता करें, ताकि उन्हें इस कठिन समय में राहत मिल सके और उनका जीवन जल्द से जल्द सामान्य हो सके। इच्छुक व्यक्ति पीड़ित परिवारों की सहायता जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम देकर कर सकते हैं ताकि जरूरतमंदों को राहत पहुंचाकर उनका पुनर्वास किया जा सके।
उपायुक्त ने संबंधित विभाग और अधिकारियों को पीड़ित परिवारों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने, उनके जरूरी दस्तावेज जैसे परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड आदि बनाने के लिए स्पेशल कैंप आयोजित करने तथा तहसीलदार को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने ने बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से आग से प्रभावित लोगों के लिए पलवल स्थित प्रजापति धर्मशाला में अस्थायी रूप से रहन-सहन की समुचित व्यवस्था करवा दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पीने के पानी और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी सुनिश्चित की गई है। साथ ही जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा प्रभावित लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डा. सुभिता ढाका, सीटीएम प्रीति रावत, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी, तहसीलदार दिनेश कुमार रेड क्रॉस से अंजलि भयाना सहित अन्य संबंधित विभागों की अधिकारीगण उपस्थिति रहे।




