कैप्टन अजय के निवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक
- नेहारिका की जीत निश्चित करें
रेवाड़ी नगर परिषद की चेयरपर्सन पद की कांग्रेस प्रत्याशी नेहारिका चौधरी के समर्थन में रविवार की देर शाम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के मॉडल टाउन निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई।
रेवाड़ी:
रेवाड़ी नगर परिषद की चेयरपर्सन पद की कांग्रेस प्रत्याशी नेहारिका चौधरी के समर्थन में रविवार की देर शाम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के मॉडल टाउन निवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई।
पूर्व विधायक चिरंजीव राव के आह्वान पर बुलाई गई इस बैठक में रेवाड़ी में निकाय चुनाव का मुद्दे पर चर्चा हुई। इसमें मुख्य रूप से कैप्टन अजय सिंह यादव और पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने अपनी बात रखी।
बैठक में कैप्टन अजय कहा कि कांग्रेस पार्टी ने नगर परिषद के लिए घोषित 5 उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी रणनीति तैयार की है। आपको इनकी जीत निश्चित करनी है। बैठक में निवर्तमान लगभग 20 पार्षदों सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में इस चुनाव को लेकर उत्साह और ऊर्जा देखने को मिल रही है, जिससे स्पष्ट होता है कि रेवाड़ी में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है।
कैप्टन अजय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा विकास और जनसेवा की राजनीति की है। उनके मंत्री रहते हुए और कांग्रेस सरकार के दौरान रेवाड़ी में अनेकों ऐतिहासिक विकास कार्य हुए, जिनका लाभ आज भी जनता को मिल रहा है।
भाजपा की सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10–12 वर्षों में रेवाड़ी के लिए कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। अब भाजपा का प्रत्याशी जनता पर थोपा गया है, जिससे भाजपा के कार्यकर्ताओं में ही रोष है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं।
पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि रेवाड़ी शहर आज बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है और भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने आरोप लगाया कि नगर परिषद में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिसके कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं। पार्कों की हालत बदतर है, रखरखाव की कोई व्यवस्था नहीं है, और शहर की अधिकांश सड़के टूटी हुई हैं, जिससे लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और हर घर तक सच्चाई पहुंचाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि रेवाड़ी की जनता इस बार बदलाव लाकर कांग्रेस पार्टी को समर्थन देगी।
कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। वे रेवाड़ी के सर्वांगीण विकास, बेहतर सफाई व्यवस्था, सुचारू जल आपूर्ति, मजबूत सीवरेज सिस्टम, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।




