डिजिटल माध्यम से स्व-गणना कर निभाएं अपनी जिम्मेदारी
- जिला रेवाड़ी में 30 अप्रैल तक नागरिक पोर्टल के माध्यम से कर लें स्व-गणना
जनगणना 2027 के तहत जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना का विकल्प 16 अप्रैल से आमजन के लिए खुल गया है
रेवाड़ी: जनगणना 2027 के तहत जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना का विकल्प 16 अप्रैल से आमजन के लिए खुल गया है, जो आगामी 30 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगा। डीसी अभिषेक मीणा ने se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से जिलावासियों को स्व-गणना कर जनगणना प्रक्रिया में बढ़ चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूर्ण रूप से डिजिटल होगी। जिलावासी 30 अप्रैल 2026 तक निर्धारित पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना जरूरी है। इससे समय की बचत के साथ-साथ प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि नागरिक स्व-गणना के लिए 16 भाषाओं में से अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं।
.jpeg)
नागरिक ऐसे करें स्व-गणना :
डीसी ने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर मोबाइल नंबर एवं कोड के माध्यम से लॉगिन/पंजीकरण करें। इसके उपरांत डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करें, परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी व आवास एवं सुविधाओं से संबंधित विवरण भरने उपरांत जानकारी की समीक्षा का फॉर्म सबमिट करें।
इसके पश्चात नागरिक को अपनी एसई आईडी प्राप्त होगी। 1 मई से 30 मई तक सत्यापन के समय गणना कर्मी को एसई आईडी प्रदान करें। उन्होंने बताया कि स्व गणना प्रपत्र में 33 प्रश्न शामिल होंगे, जिनमें परिवार के सदस्यों का विवरण, मकान का प्रकार एवं स्थिति (ग्रामीण/शहरी), पेयजल, बिजली, स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं, सामाजिक-आर्थिक जानकारी, मोबाइल नंबर (अनिवार्य) शामिल है। डीसी अभिषेक मीणा ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 अप्रैल 2026 तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग ले और सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान करें।




