12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए प्रोटोकॉल अभ्यास कराया
12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा संचालित योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित नियमित योग कक्षा में योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया।
रेवाड़ी: 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा संचालित योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत राव तुलाराम स्टेडियम में आयोजित नियमित योग कक्षा में योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया।
सेवानिवृत मुख्य अध्यापक समय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पतंजलि योग समिति, रेवाड़ी के जिला प्रभारी दयाराम आर्य तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट रेवाड़ी के जिला प्रभारी मुकेश कुमार भी शामिल हुए।
मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि यह योग कक्षा पूर्व मुख्याध्यापक समय सिंह के विशेष प्रयासों, समर्पण एवं निरंतर प्रेरणा से पिछले लगभग 20 वर्षों से नियमित रूप से संचालित की जा रही है। उनके अथक प्रयासों के कारण सैकड़ों लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपना चुके हैं। क्षेत्र में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में इस योग कक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्य अतिथि दयाराम आर्य ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अंतर्गत उपस्थित योग साधकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि एवं आत्मा को संतुलित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव, चिंता, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य अनेक बीमारियों से बचने के लिए योग सबसे सरल एवं प्रभावी उपाय है।
विशिष्ट अतिथि मुकेश कुमार ने कहा कि योग मानव जीवन को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को शारीरिक शक्ति, मानसिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते मानसिक तनाव एवं अनियमित जीवनशैली के कारण समाज अनेक बीमारियों की चपेट में आ रहा है। ऐसे समय में योग ही स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बन सकता है। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर योग अपनाने की प्रेरणा दी।
अध्यक्षीय संबोधन में पूर्व मुख्याध्यापक एवं वरिष्ठ योग शिक्षक समय सिंह ने कहा कि योग व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर स्वस्थ नहीं होगा, तब तक व्यक्ति अपने जीवन के लक्ष्यों को पूर्ण रूप से प्राप्त नहीं कर सकता। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग के लिए समय अवश्य निकालना चाहिए।
इस अवसर पर कैप्टन जगरूप सिंह, प्राचार्य अजीत सिंह, इंस्पेक्टर हरि प्रकाश, पूर्व मुख्याध्यापक रामकिशन, बाबू भूपेंद्र सिंह, धर्मवीर, पवन कुमार, भारत, दीपक, वंश सहित बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे। सभी ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में योग जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया

About The Author
संबंधित समाचार



