Yamunanagar News: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला, जमकर की नारेबाजी
जिला कांग्रेस कमेटी यमुनानगर द्वारा इंडिया गठबंधन के आह्वान पर चलाए जा रहे “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान के तहत आज लघु सचिवालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका।
यमुनानगर: जिला कांग्रेस कमेटी यमुनानगर द्वारा इंडिया गठबंधन के आह्वान पर चलाए जा रहे “वोट चोर, गद्दी छोड़” अभियान के तहत आज लघु सचिवालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका।

प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री रमन त्यागी अपने साथियों सहित विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंटक प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव रहे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं गठबंधन के साथियों ने केंद्र सरकार तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
.jpeg)
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े विषयों को लेकर जनता के मन में उठ रहे सवालों का सरकार और संबंधित संस्थाओं को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इन मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हो तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने “मोदी और अमित शाह मुर्दाबाद”, “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद” सहित विभिन्न नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो यह आंदोलन आने वाले समय में और व्यापक रूप लेगा तथा देशभर में इसे लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
लघु सचिवालय के समक्ष प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोशीले अंदाज में कई नारे भी लगाए, जिनमें “एक कचौरी, दो समोसा, मोदी तेरा क्या भरोसा”, “वोट चोर, गद्दी छोड़”, “जब-जब मोदी डरता है, पुलिस को आगे करता है” तथा “गली-गली में शोर है, ज्ञानेश कुमार चोर है” जैसे नारे प्रमुख रहे।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमन त्यागी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। चुनाव प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़े किसी भी सवाल का समाधान पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती तथा निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए अपनी आवाज लगातार उठाता रहेगा।
इंटक प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और संबंधित संस्थाओं द्वारा उठाए जा रहे सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना रोष जताते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता के बीच उठ रहे सवालों का जवाब देना सरकार और संवैधानिक संस्थाओं का दायित्व है।
इस अवसर पर मोनिका डूमरा, शालू मल्होत्रा, लक्ष्मण विनायक, राजकुमार त्यागी, विजय धीमान सहित कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की और कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

About The Author
संबंधित समाचार



