"शिक्षामित्र चिंता न करें, बुरे दिन जानेवाले हैं": अखिलेश यादव
शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी सरकार ने 9 साल शिक्षामित्रों का हक़ मारा
यूपी सरकार ने शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाया है।इस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरा है।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोक भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने का फैसला लिया गया है।वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि शिक्षामित्रों के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। कैबिनेट ने उनके मानदेय को 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपए प्रतिमाह करने का फैसला लिया है। साथ ही अनुदेशकों का मानदेय 9,000 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये कर दिया गया है।इस निर्णय से राज्य के लगभग दो लाख परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी सरकार ने 9 साल शिक्षामित्रों का हक़ मारा और अब बढ़ाया भी तो भी सपा सरकार से 22 हज़ार कम है।अब जब बीजेपी सरकार का परमानेन्ट रिटायरमेंट होने वाला है तब ये शिक्षामित्रों के प्रति सहानुभूति दिखा रहे हैं।
शिक्षामित्र चिंता न करें : बुरे दिन जानेवाले हैं- अखिलेश
कन्नौज सांसद ने लिखा कि बीजेपी सरकार द्वारा प्रताड़ित शिक्षामित्र भी पीड़ित की श्रेणी में आते हैं इसीलिए वो भी ‘पीडीए’ हुए और वो भी बीजेपी को हराएंगे और पीडीए सरकार बनाएंगे। जो पीड़ित, वो पीडीए! पर शिक्षामित्र चिंता न करें : बुरे दिन जानेवाले हैं।
बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने बताया कि मानदेय में इस वृद्धि से सरकार पर 1475 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त व्यय भार आएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम शिक्षा व्यवस्था को और मजबूती प्रदान करेगा और शिक्षा कर्मियों के जीवन स्तर में सुधार लाएगा। संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले ही अंशकालिक अनुदेशकों और शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की थी और कैबिनेट के सामने रखे गए प्रस्ताव को अब मंज़ूरी मिल गई है।उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों का मानदेय पिछली बार 2017 में संशोधित किया गया था, जब इसे साढ़े तीन हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था और अब इसे बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



