अमर शहीदों से जाना जाता है दक्षिणी हरियाणा : मंत्री आरती राव

- गांव भांडोर में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का मंत्री ने किया अनावरण - बावल विधायक डा. कृष्ण कुमार भी नमन करने पहुंचे

Desh Rojana
On

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव द्वारा रविवार को गांव भांडोर में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का अनावरण किया गया।

रेवाड़ी: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव द्वारा रविवार को गांव भांडोर में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर आसपास के गांवों की पंचायतों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भव्य स्वागत कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया। इससे दक्षिणी हरियाणा की वीरभूमि एक बार फिर अपने अमर शहीदों के प्रति सम्मान और गौरव की भावना से ओतप्रोत नजर आई। गांव भांडोर में विकास कार्यों के लिए मंत्री आरती सिंह राव और विधायक डा. कृष्ण कुमार ने 11-11 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। 
IMG-20260405-WA0002
कार्यक्रम में शामिल स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव।
मंत्री आरती राव ने कहा कि शहीद केवल किसी एक परिवार या गांव तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे पूरे देश की धरोहर होते हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा की पहचान ही अमर शहीदों से है, जहां हर घर से सैनिक और हर गांव से वीरों की गाथाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने शहीद कैलाश चंद की शहादत को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1993 में छत्तीसगढ़ में चुनाव ड्यूटी के दौरान माओवादियों से मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। उनकी यह शहादत सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। 
उन्होंने उक्त शहीद की वीरांगना भतेरी देवी और उनके परिजनों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पहले कार्यक्रम स्थल पर मंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और पारंपरिक रागिनी के माध्यम से उनका अभिनंदन किया। मंच पर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां उपस्थित जनसमूह ने शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। 
कार्यक्रम में बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि शहीद कैलाश चंद का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। बावल विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विकास को नई गति दी जा रही है। 
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से बावल विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
सामाजिक कार्यक्रमों में भी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गांव कुंड में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया। मंत्री आरती ने कहा कि जिला के गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स में एमबीबीएस की 50 सीटों को स्वीकृति मिल चुकी है। अब जल्द ही एम्स में ओपीडी शुरू करवाई जाएगी। वह जल्द ही एम्स का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगी। उन्होंने बताया कि पूरे हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में आधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही है। रोहतक पीजीआई में निरीक्षण के दौरान मिली लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किए गए हैं। 
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, जिला परिषद के चेयरमैन मनोज यादव, अनिल रायपुर, रामपुरा सरपंच नरेश यादव नरु, सरपंच नरेश कुमार, सरपंच विकास, पूर्व जिला प्रमुख डा. शुभ्रा यादव, पूर्व जिला पार्षद डॉ अरविंद याद, पूर्व जिला पार्षद कुंड जीतू चेयरमैन, दिनेश यादव टीट, यशु चेयरमैन, सुभाष यादव, विकास बड़खोदा, मास्टर नरेंद्र न्यू इरा, चेयरमैन करणपाल खोला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
IMG-20260405-WA0009
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad