इस्लामी तबलीगी जमात का तीन दिवसीय जलसा का शांतिपूर्ण माहौल में हुआ समापन

तबलीग जमात के अंतरराष्ट्रीय अमीर हज़रत मौलाना साद साहेब ने दिया इस्लाम का पैगाम

Desh Rojana
On

नूंह जिले के अड़बर गांव में आयोजित तीन दिवसीय इस्लामी तबलीगी जलसा सोमवार को मुल्क में अमन, शांति और तरक्की की दुआओं के साथ सकुशल संपन्न हो गया।

मेवात/नूंह: नूंह जिले के अड़बर गांव में आयोजित तीन दिवसीय इस्लामी तबलीगी जलसा सोमवार को मुल्क में अमन, शांति और तरक्की की दुआओं के साथ सकुशल संपन्न हो गया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। आयोजकों के अनुसार जलसे में करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई गई, जिससे क्षेत्र में अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली।
IMG-20260406-WA0017
जलसे के समापन के बाद श्रद्धालुओं की वापसी के दौरान अड़बर और आसपास के इलाकों में कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और यातायात व्यवस्था कई घंटों तक प्रभावित रही। हालांकि ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए गुड़गांव-अलवर रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर हरियाणा पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे, लेकिन भारी भीड़ के चलते व्यवस्था कुछ समय के लिए चरमरा गई।
इस मौके पर तबलीगी जमात के अंतरराष्ट्रीय अमीर हज़रत मौलाना साद साहब ने लाखों लोगों को संबोधित करते हुए दीन और दुनिया के संतुलन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक सच्चे मुसलमान को दुनिया की लालसा में पड़कर अपने दीन से दूर नहीं होना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि गैर-मुस्लिमों की दुनिया की चाहत करना ऐसे ही है जैसे कोई व्यक्ति अपने असली मकसद को छोड़कर तुच्छ चीजों में उलझ जाए।
मौलाना साद ने अपने बयान में कहा कि जो लोग दुनिया में रहते हुए आखिरत की तैयारी करते हैं, अल्लाह उन्हें दुनिया और आखिरत दोनों में कामयाबी अता करता है। उन्होंने लोगों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि हर नशा करने वाली चीज हराम है और इससे इंसान की जिंदगी बर्बाद हो जाती है।
उन्होंने नमाज की अहमियत पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अजान अल्लाह की तरफ से बुलावा है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासतौर पर असर की नमाज के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जानबूझकर असर की नमाज छोड़ देता है, उसके अमल बर्बाद हो सकते हैं। इसलिए हर मुसलमान को नमाज की पाबंदी करनी चाहिए।
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग नबी के बताए रास्ते के खिलाफ चलते हैं, वे परेशानियों में घिर जाते हैं। उन्होंने सुन्नतों से मोहब्बत करने और उन्हें अपनी जिंदगी में अपनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने माता-पिता की सेवा को ईमान के बाद सबसे बड़ा फर्ज बताते हुए कहा कि जो अपने वालिदैन को छोड़ देता है, उससे बड़ा कोई नाफरमान नहीं हो सकता।
मौलाना साद ने समाज में बढ़ती बुराइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आजकल लोग अपनी ख्वाहिशों के पीछे चलकर गलत ताकतों को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में सादगी अपनाएं और हर हाल में सच्चाई और ईमानदारी का रास्ता चुनें।
जलसे की एक खास बात हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल भी रही। हिंदू समाज के लोगों ने जलसे में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सेवा भाव से वेज बिरयानी का वितरण किया। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को चिकित्सा सेवाएं भी प्रदान की गईं। इस तरह के प्रयासों ने भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का मजबूत संदेश दिया।
तीन दिनों तक चले इस जलसे में मोबाइल के बढ़ते उपयोग से होने वाले नुकसान पर भी चर्चा की गई। उलेमाओं ने लोगों को अपने बच्चों को बेहतर तालीम देने और उन्हें बुरी आदतों से दूर रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में शिक्षा और अच्छे संस्कार ही समाज को सही दिशा दे सकते हैं।
जलसे में यह भी आह्वान किया गया कि तबलीगी जमात के जरिए दीन का पैगाम घर-घर तक पहुंचाया जाए। लोगों को नमाज की दावत देने और समाज में अच्छाइयों को फैलाने के लिए जमातों को आगे आना चाहिए। जलसे के समापन के बाद सैकड़ों जमातें देश के विभिन्न हिस्सों में तबलीग के काम के लिए रवाना हो गईं।
आयोजन की व्यवस्थाएं भी इस बार काफी बेहतर देखने को मिलीं। खाने-पीने, पानी, शौचालय, बिजली और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे लाखों लोगों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन और आयोजकों के तालमेल से यह विशाल कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अड़बर का यह इस्लामिक जलसा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि इसने सामाजिक एकता, भाईचारे और सकारात्मक संदेश के जरिए समाज को नई दिशा देने का काम भी किया।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad