इतिहास रचते नितिन नवीन: भाजपा को मिला अब तक का सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष
45 वर्ष की उम्र में निर्विरोध चुने गए 12वें भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी ने पहनाई माला
नितिन नवीन भारतीय जनता पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। भाजपा मुख्यालय में हुई घोषणा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया। पांच बार विधायक रह चुके नितिन नवीन पार्टी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।

भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिल गया है। बिहार के वरिष्ठ नेता और पांच बार के विधायक नितिन नवीन को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। यह ऐलान भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया, जहां पूरे देश से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं नितिन नवीन को माला पहनाकर बधाई दी और उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन का संगठनात्मक अनुभव, युवा ऊर्जा और जमीनी राजनीति का ज्ञान पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।45 वर्षीय नितिन नवीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। उन्होंने कम उम्र में ही संगठन और विधानसभा दोनों स्तरों पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वे बिहार विधानसभा के पांच बार निर्वाचित सदस्य रह चुके हैं और संगठन में विभिन्न अहम जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।

नितिन नवीन की ताजपोशी को भाजपा में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने और 2029 के आम चुनावों की रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनके नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक विस्तार, डिजिटल अभियान और युवाओं को जोड़ने पर विशेष फोकस करेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं में इस घोषणा के बाद उत्साह का माहौल है और देशभर से नितिन नवीन को बधाइयों का तांता लग गया है।




