पेट्रोल एवं ऊर्जा संरक्षण के लिए कुलगुरु ने की सार्थक पहल, केयू कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा पैदल पहुंचे कार्यालय
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक वर्ष तक सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने तथा छोटे-छोटे प्रयासों से ऊर्जा संरक्षण में सहयोग करने के आह्वान के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में भी सकारात्मक पहल शुरू हो गई है।
थानेसर: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक वर्ष तक सोना न खरीदने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने तथा छोटे-छोटे प्रयासों से ऊर्जा संरक्षण में सहयोग करने के आह्वान के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में भी सकारात्मक पहल शुरू हो गई है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा अपने कुलगुरु निवास से कुलगुरु कार्यालय तक पैदल पहुंचे। इस अवसर पर प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विश्वविद्यालय शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि जहां तक संभव हो सके, सभी को अपने निजी वाहनों का कम से कम प्रयोग करना चाहिए तथा पैदल चलने या साइकिल का उपयोग करने की आदत अपनानी चाहिए।
प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व बनता है कि वह राष्ट्रहित में छोटे-छोटे कदम उठाए। उन्होंने कहा कि यदि हम थोड़ी दूरी के लिए वाहन प्रयोग करने की बजाय पैदल चलना या साइकिल चलाना शुरू करें तो इससे न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
.jpeg)
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि इस प्रकार की पहल से लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा। कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और ऊर्जा बचत एवं पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। यह एक छोटा, सरल, किंतु अत्यंत प्रभावी कदम है जो राष्ट्रहित और समाजहित दोनों की दृष्टि से उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल भी अपने कार्यालय पैदल पहुंचे। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव संभव हैं और यदि अधिक से अधिक लोग पैदल चलने या साइकिल के उपयोग को अपनाएं तो इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर कुलसचिव डीन आफ कालेजिज प्रो. ब्रजेश साहनी, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी, मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार, बलजीत, पंकज मौजूद रहे।




