Faridabad News : एसडीआईईटी में बीबीए अंतिम वर्ष ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन
सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसडीआईईटी), फरीदाबाद के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा बीबीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
सत्युग दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसडीआईईटी), फरीदाबाद के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा बीबीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतिम वर्ष की शैक्षणिक अपेक्षाओं, व्यावसायिक अवसरों तथा संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले विभिन्न सहयोगात्मक तंत्रों से परिचित कराना था, ताकि वे अपने अंतिम शैक्षणिक वर्ष का अधिकतम लाभ उठा सकें। 
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधन अध्ययन विभागाध्यक्ष डॉ. मनप्रीत कौर के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को अंतिम वर्ष को सीखने, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण का स्वर्णिम अवसर बताते हुए प्रत्येक अवसर का पूर्ण लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात पंकज भारद्वाज, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी तथा उन्हें कैंपस प्लेसमेंट की तैयारी, उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने और रोजगार योग्य बनने के लिए प्रेरित किया। डॉ. रवि बक्शी ने बीबीए आईआईएफएसबी के विद्यार्थियों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए वर्तमान प्रतिस्पर्धी व्यावसायिक परिवेश में तकनीकी दक्षता के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. मुनीश नगर ने बीबीए डिजिटल मार्केटिंग के विद्यार्थियों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा प्रॉक्टोरियल बोर्ड की भूमिका एवं जिम्मेदारियों से विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के महत्व पर बल दिया। चित्राकाशी हुड्डा ने विद्यार्थियों को संस्थान के टेक्निकल क्लब की गतिविधियों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि यह क्लब विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी क्लब द्वारा आयोजित कार्यशालाओं, प्रतियोगिताओं, प्रोजेक्ट्स एवं उद्योग उन्मुख गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया, जिससे उनके तकनीकी कौशल, समस्या समाधान क्षमता एवं व्यावसायिक दक्षता का समग्र विकास हो सके।
डॉ. स्नेहा शर्मा ने पर्सनैलिटी डेवलपमेंट सेशंस की जानकारी देते हुए बताया कि ये सत्र विद्यार्थियों के संचार कौशल, आत्मविश्वास, प्रोफेशनल एटीकेट एवं समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा उन्हें उद्योग के अनुरूप तैयार करेंगे। डॉ. ऋचा खुगशाल ने संस्थान की महिला प्रकोष्ठ की विभिन्न पहलों से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा सुरक्षित, समावेशी एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। वहीं रेनू मित्तल ने विद्यार्थियों को ईआरपी सिस्टम के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी तथा नियमित उपस्थिति एवं संस्थान के अनुशासन का पालन करने के महत्व पर बल दिया।
इस अवसर पर एसडीआईईटी के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र त्यागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंतिम वर्ष केवल डिग्री प्राप्त करने का चरण नहीं, बल्कि सफल करियर की मजबूत नींव रखने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर सीखने की भावना, नवाचार और उद्योगोन्मुख कौशल विकास को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण, तकनीकी गतिविधियों एवं प्लेसमेंट अवसरों का भरपूर लाभ उठाकर विद्यार्थी स्वयं को सक्षम, आत्मविश्वासी एवं जिम्मेदार पेशेवर के रूप में विकसित करें। कार्यक्रम का समापन रेनू मित्तल द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, सभी वक्ताओं, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में सभी के योगदान की सराहना की। ओरिएंटेशन कार्यक्रम प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपने अंतिम शैक्षणिक वर्ष की सफल शुरुआत के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, आत्मविश्वास और स्पष्ट दिशा प्रदान की तथा उन्हें उज्ज्वल एवं सफल व्यावसायिक भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।

About The Author
संबंधित समाचार



