Faridabad News: एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने परिवार पहचान पत्र में जन्म तिथि सत्यापन को लेकर नागरिकों से की अपील
वृद्धजन पहले पेंशन कार्यालय में कराएं सत्यापन, फिर होगी फैमिली आईडी में DOB अपडेट
अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण द्वारा जिन नागरिकों के परिवार पहचान पत्र (PPP/फैमिली आईडी) में जन्म तिथि (DOB) सत्यापित नहीं है, उन्हें एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जा रही है।
फरीदाबाद: अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने बताया कि हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण द्वारा जिन नागरिकों के परिवार पहचान पत्र (PPP/फैमिली आईडी) में जन्म तिथि (DOB) सत्यापित नहीं है, उन्हें एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जा रही है। ऐसे सभी नागरिक, विशेषकर वृद्धजन एवं पेंशन लाभार्थी, इस संदेश को गंभीरता से लें और निर्धारित अवधि के भीतर अपनी जन्म तिथि का सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने विशेष रूप से वृद्ध नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिन बुजुर्गों को इस प्रकार का एसएमएस प्राप्त हुआ है और जो सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रहे हैं, वे सबसे पहले अपने नजदीकी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग (पेंशन कार्यालय) में जाकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराएं। विभागीय प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उनकी परिवार पहचान पत्र (PPP) में जन्म तिथि ऑनलाइन अपडेट एवं सत्यापित कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जन्म तिथि के सत्यापन के लिए 10वीं की अंकतालिका, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा कम से कम पांच वर्ष पुराने जारी किए गए मतदाता पहचान पत्र जैसे मान्य दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें, जिससे भविष्य में किसी भी सरकारी योजना या सेवा का लाभ प्राप्त करने में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



