Faridabad news: जन सुविधाओं का विस्तार, विकास को नई रफ्तार, सेक्टर 12 टाउन पार्क में बनेगा अत्याधुनिक जॉगिंग ट्रैक और ओपन एयर थिएटर
- कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर 12 स्थित टाउन पार्क में सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक, ओपन एयर थिएटर, बाउंड्री वॉल सहित अन्य जन सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास आधुनिक कार्यो की रखी नीव
हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री Vipul Goel ने आज सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में विभिन्न जनहित एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े विकास कार्यों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्क में बाउंड्री वॉल, अत्याधुनिक सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक, सीमेंट कंक्रीट पाथ, ओपन एयर थिएटर, मुख्य प्रवेश द्वार के नवीनीकरण, आकर्षक आधुनिक फाउंटेन सहित अन्य जन सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े विकास कार्यों की नींव रखी गई।
फरीदाबाद: हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री Vipul Goel ने आज सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में विभिन्न जनहित एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े विकास कार्यों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्क में बाउंड्री वॉल, अत्याधुनिक सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक, सीमेंट कंक्रीट पाथ, ओपन एयर थिएटर, मुख्य प्रवेश द्वार के नवीनीकरण, आकर्षक आधुनिक फाउंटेन सहित अन्य जन सुविधाओं एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े विकास कार्यों की नींव रखी गई। इन विकास कार्यों से पार्क की सुंदरता, सुरक्षा एवं उपयोगिता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा शहरवासियों को आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
.jpeg)
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विकास कार्यों की शुरुआत भर नहीं है, बल्कि विकसित, आधुनिक, स्वच्छ एवं व्यवस्थित फरीदाबाद के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहर को आधुनिक स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल बड़ी इमारतों और चौड़ी सड़कों से नहीं होती, बल्कि वहां रहने वाले नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण और सार्वजनिक स्थलों की गुणवत्ता से होती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करवाना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि सेक्टर 12 का यह टाउन पार्क आने वाले समय में स्वास्थ्य, मनोरंजन, सामाजिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां सुबह की सैर करने वाले नागरिकों, व्यायाम करने वाले युवाओं, बच्चों के साथ समय बिताने वाले परिवारों, महिलाओं तथा वरिष्ठजनों सभी को एक बेहतर और सकारात्मक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद केवल एक शहर नहीं, बल्कि हम सभी का परिवार है और इसकी स्वच्छता, सुंदरता तथा सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि जिस प्रकार सरकार शहर को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, उसी प्रकार आमजन भी पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि विकास अब केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। एक विकास कार्य पूरा होते ही दूसरा कार्य तेज़ गति से शुरू हो जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि पार्क और हरियाली केवल सौंदर्य बढ़ाने के लिए नहीं होते, बल्कि ये स्वस्थ समाज और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
बढ़ती गर्मी के मद्देनजर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नागरिकों से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा परिवार के बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने एक संवेदनशील अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में पक्षियों और अन्य जीवों के लिए घरों, छतों, बालकनी एवं आसपास पानी की व्यवस्था अवश्य करें। यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर के बाहर एक छोटा पात्र पानी का रख दे, तो यह प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति हमारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का सुंदर उदाहरण होगा। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है जब उसमें जनता की भागीदारी और सहयोग जुड़ा हो। जनता का विश्वास, समर्थन और स्नेह ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है। इसी जनसहयोग और सहभागिता के बल पर फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक, सुरक्षित, हरित और सुविधा संपन्न शहर बनाने का संकल्प निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सभी उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी फरीदाबाद में इसी प्रकार विकास कार्यों की गति निरंतर जारी रहेगी और शहर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
इस दौरान पार्षद सचिन शर्मा, कुलदीप शाहनी, करण सिंगला, अजीत नंबरदार, प्रियंका बिष्ट बुधानी, वजीर सिंह डागर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




