3 मई को होगी नीट यूजी परीक्षा, फरीदाबाद के 18 केंद्रों पर 6436 अभ्यर्थी होंगे शामिल

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

Desh Rojana
On

डीसी आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

फरीदाबाद: डीसी आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की तैयारी, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।PN_4इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी जिलों के डीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और बिना किसी बाधा के संपन्न होनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के बैठने के लिए पार्क या अन्य उपयुक्त स्थानों पर व्यवस्था की जाए, पेयजल उपलब्ध कराया जाए और परीक्षा केंद्रों के आसपास शांत वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि नीट यूजी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, शांति और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय पर व्यवस्थाएं पूरी करें।

उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को सही और सहज वातावरण मिलेगा तो उनका परीक्षा प्रदर्शन भी बेहतर होगा। ट्रैफिक के कारण किसी भी विद्यार्थी का समय बर्बाद न हो, इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर गलत प्रश्न पत्र बेचने जैसी गतिविधियों पर भी प्रशासन पैनी नजर रखेगा, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या धोखाधड़ी को रोका जा सके।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा नीट यूजी परीक्षा 3 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। देशभर में लगभग 22 लाख विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि हरियाणा में 65,300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। फरीदाबाद जिले में इस परीक्षा के लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 6436 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद हनी बंसल सहित सम्बंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad