Gurugram News: गुरुग्राम में कारों के शीशे तोड़कर चोरी, अंधेरे में बेखौफ बदमाश
बसई रोड और विश्वकर्मा कॉलोनी इलाके में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। बीती रात करीब 11 बजे बदमाशों ने कई वाहनों के शीशे तोड़कर उनमें रखा सामान चोरी कर लिया। घटनाओं के बाद लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
गुरुग्राम: बसई रोड और विश्वकर्मा कॉलोनी इलाके में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। बीती रात करीब 11 बजे बदमाशों ने कई वाहनों के शीशे तोड़कर उनमें रखा सामान चोरी कर लिया। घटनाओं के बाद लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाश इलाके में खड़ी गाड़ियों पर नजर रखते हैं। सुनसान या अंधेरा होने पर वे वाहनों के शीशे तोड़कर अंदर रखा सामान लेकर फरार हो जाते हैं। लोगों का कहना है कि बसई रोड और आसपास के क्षेत्र में इस तरह की चार से पांच घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।

पीड़ित अमित की गाड़ी को फिर बनाया निशाना: बीती रात चोरी की वारदात का शिकार अमित की मैग्नाइट कार भी हुई। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ दिया। अमित के मुताबिक, उनकी गाड़ी के साथ इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। बार-बार हो रही वारदातों से वाहन मालिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बसई रोड पर कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद हैं। रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण बदमाशों को वारदात करने में आसानी हो रही है। लोगों ने प्रशासन से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने की मांग की है।
घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भी नाराजगी है। उनका कहना है कि रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। अब पुलिस की जांच और इलाके में गश्त बढ़ाने की कार्रवाई पर लोगों की नजर है।




