Gurugram News: पीएमएवाई (शहरी) 2.0 : 15 लाभार्थियों को वितरित किए गए लेटर ऑफ इंटेंट
पक्का मकान बनाने के लिए मिलेगी 2.50 लाख रुपए की वित्तीय सहायता
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आज नगर निगम गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त आयुक्त जयवीर यादव ने 15 पात्र लाभार्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) वितरित किए।
गुरुग्राम : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आज नगर निगम गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त आयुक्त जयवीर यादव ने 15 पात्र लाभार्थियों को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) वितरित किए।इस अवसर पर लाभार्थियों को योजना के विभिन्न प्रावधानों, पात्रता मानदंडों, आवेदन प्रक्रिया तथा वित्तीय सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई ।

बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पात्र लाभार्थियों को अपना पक्का मकान बनाने के लिए कुल 2.50 लाख रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह सहायता राशि तीन चरणों में लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाती है। अतिरिक्त आयुक्त जयवीर यादव ने बताया कि इसके तहत प्रथम किस्त 1,00,000 रुपए, द्वितीय किस्त 1,00,000 रुपए तथा अंतिम किस्त 50,000 रुपए मिलती है। निर्माण कार्य की प्रगति और निर्धारित मानकों के अनुसार प्रत्येक किस्त जारी की जाती है, जिससे लाभार्थियों को घर निर्माण में आर्थिक सहायता मिलती है।
ये उठा सकते हैं लाभ
अतिरिक्त निगमायुक्त ने बताया कि गुरुग्राम के शहरी क्षेत्र में रहने वाले ऐसे नागरिक, जिनके पास अपने नाम पर भूमि की वैध रजिस्ट्री उपलब्ध है तथा उनकी भूमि किसी अधिकृत कॉलोनी या क्षेत्र में स्थित है, वे इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक आवेदक अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
लाल डोरा क्षेत्र में भी कर सकते हैं आवेदन
अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में रहने वाले ऐसे पात्र परिवार, जिनकी भूमि लाल डोरा क्षेत्र में स्थित है, वे लाल डोरा प्रमाण पत्र बनवाकर भी योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। पात्रता की सभी शर्तें पूरी होने पर उन्हें भी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत आवास निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में सरकार द्वारा योजना के लिए आवेदन करने की कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की गई है। इसलिए पात्र नागरिक बिना किसी जल्दबाजी के आवश्यक दस्तावेज तैयार कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करें और अपने पक्के घर के सपने को साकार करें।
यहां प्राप्त करें अधिक जानकारी
योजना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिक नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय, सदर बाजार के निकट, प्रथम तल, कमरा नंबर 17-बी में संपर्क कर सकते हैं। यहां योजना से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

About The Author
संबंधित समाचार



