नारी शक्ति वंदन पदयात्रा : साइबर सिटी में सड़क पर निकली नारी शक्ति
हजारों महिलाओं ने अधिनियम के पक्ष में किए हस्ताक्षर
गुरुवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में साइबर सिटी की सड़कों पर हजारों महिलाएं उतरी। नारी शक्ति वंदन पदयात्रा में शामिल महिलाओं ने अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया
गुरुग्राम: गुरुवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में साइबर सिटी की सड़कों पर हजारों महिलाएं उतरी। नारी शक्ति वंदन पदयात्रा में शामिल महिलाओं ने अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र लगे बैनर पर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए हस्ताक्षर किए। प्रदेश भाजपा की सचिव एवं खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की पूर्व चेयरपर्सन गार्गी कक्कड़ के संयोजन में आयोजित नारी शक्ति वंदन पदयात्रा में पूर्व लोकसभा सांसद डा. सुधा यादव और प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता भी शामिल हुई।

नारी शक्ति वंदन पदयात्रा कल्याणी हॉस्पिटल से शुरू होकर अग्रसेन चौक तक निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के समर्थन में संदेश देना रहा। सफेद टी-शर्ट और कैप पहने महिलाओं ने हाथों में तख्तियां, पोस्टर और बैनर लेकर नारे लगाते हुए अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
गई इस यात्रा में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों की महिलाओं के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थिति नारी शक्ति को संबोधित करते हुए भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्य डा. सुधा यादव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है और इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डा. सुधा यादव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की भागीदारी राजनीति में बढ़ेगी और वे देश के विकास में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।
नारी शक्ति को संबोधित करते हुए भाजपा हरियाणा प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने महिलाओं की भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है, जिससे देश की आधी आबादी को निर्णय लेने की प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा।
गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
भाजपा हरियाणा प्रदेश सचिव एवं खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की पूर्व चेयरपर्सन गार्गी कक्कड़ ने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस अधिनियम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
पदयात्रा में जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला महामंत्री अजीत यादव, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, जिला सचिव निधि मल्होत्रा, जिला सचिव सुचिता शर्मा, जिला महामंत्री महिला पूजा बलहारा, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष मयंक ,निर्मल, वरदान मनचंदा, रवि बंसल ने भी अपने विचार रखे और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। यात्रा में पूर्व सीएमओ पुष्पा बिश्नोई तथा युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। महिलाओं ने केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अधिक संख्या में महिलाएं विधानसभा और संसद में पहुंचकर देश के विकास में अपनी भागीदारी निभाएंगी।
उत्साह से हस्ताक्षर अभियान में लिया भाग
नारी शक्ति वंदन संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित हस्ताक्षर अभियान में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में हस्ताक्षर करते हुए इसे महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। महिलाओं ने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण से उन्हें राजनीति में अपनी भागीदारी बढ़ाने का अवसर मिलेगा और वे समाज के विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।
भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित इस पदयात्रा में उपस्थित सभी माताओं, बहनों और बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन भारतीय नारी के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण का प्रतीक है। यह पदयात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, भागीदारी और नेतृत्व को सशक्त बनाने का संकल्प है।
जिला सचिव एवं नॉमिनेटड पार्षद सचिन देवतवाल, भाजपा गुरुग्राम जिला सचिव एवं नारी शक्ति वंदन अधिनियम कार्यक्रम की हस्ताक्षर अभियान की प्रमुख निधि मल्होत्रा, स्वास्थ्य विभाग की पूर्व सी.एम.ओ पुष्पा बिशनोई, जिला सचिव सुचिता शर्मा, नाथूपुर मंडल अध्यक्ष पूजा बलहारा, रीना यादव, पदयात्रा को सुव्यवस्थित बनाने में सहयोगी रहे युवा मोर्चा के अध्यक्ष मयंक निर्मल, रवि बंसल, वरदान मनचंदा, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ हज़ारों की संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की अनेकों स्वयंसेवी संस्थाओं की महिलाओं ने बड़े उत्साह के साथ भागीदारी की।

About The Author
संबंधित समाचार



