Narnaul News: व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा मंच: गोपाल शरण गर्ग
नारनौल मुख्यालय के मुख्य बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और 'राष्ट्रीय व्यापार कल्याण आयोग' के गठन की उठी मांग
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच की जिला महेंद्रगढ़ इकाई द्वारा रविवार को पार्क रोड स्थित स्वर्गीय श्री दुलीचंद संघी स्मृति धर्मशाला में जिला एवं नारनौल सिटी के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।
नारनौल: अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच की जिला महेंद्रगढ़ इकाई द्वारा रविवार को पार्क रोड स्थित स्वर्गीय श्री दुलीचंद संघी स्मृति धर्मशाला में जिला एवं नारनौल सिटी के पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गोपाल शरण गर्ग ने हुंकार भरते हुए कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच व्यापारियों के हितों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की लड़ाई के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। यदि देश और प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, तो सबसे पहले व्यापारी को समृद्ध और सुरक्षित करना होगा।

संवैधानिक आयोग से वंचित है देश के करोड़ों व्यापारी:
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि देश की लगभग 30 करोड़ जनसंख्या प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से व्यापार से जुड़ी हुई है। व्यापारी वर्ग हर साल सरकार को लाखों-करोड़ों रुपए का इनकम टैक्स और हर महीने 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक का जीएसटी देता है। इसके बावजूद संकट के समय जैसे दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने, प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना में जान गंवाने पर सरकार की तरफ से व्यापारियों को कोई आर्थिक सहायता नहीं मिलती, जिसे लेकर देश के करोड़ों व्यापारियों में भारी रोष है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश में किसानों, महिलाओं व अन्य वर्गों के लिए संवैधानिक आयोग बने हुए हैं, तो देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले व्यापारियों के लिए कोई व्यापार कल्याण आयोग क्यों नहीं है?
मुख्यमंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल, पीएम और गृहमंत्री को लिखा जाएगा पत्र:
श्री गर्ग ने स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग करते हुए कहा कि नारनौल मुख्यालय के मुख्य बाजारों में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही मंच का एक प्रतिनिधिमंडल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करेगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, वित्त मंत्री और उद्योग मंत्री को पत्र लिखकर व्यापार कल्याण आयोग के गठन की मांग की जाएगी और व्यापार पृष्ठभूमि से जुड़े सांसदों के जरिए इस आवाज को लोकसभा व राज्यसभा में भी उठवाया जाएगा।
छोटे व्यापारियों को मिले ₹25 लाख का बीमा और पेंशन- सुरेंद्र चौधरी:
मंच के राष्ट्रीय महामंत्री श्री सुरेंद्र चौधरी ने केंद्र व प्रदेश सरकारों के सामने व्यापारियों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण मांगे रखीं। उन्होंने कहा कि ₹25 लाख तक की सालाना सेल वाले छोटे जीएसटी धारक व्यापारियों की दुकानों का ₹25 लाख तक का सुरक्षा बीमा सरकार द्वारा मुफ्त किया जाना चाहिए और उसका प्रीमियम भी सरकार खुद भरे। साथ ही, इन छोटे व्यापारियों को आयुष्मान या प्रधानमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत ₹5 लाख तक की फ्री मेडिकल सुविधा और 60 वर्ष की आयु के बाद किसानों की तर्ज पर सम्मान पेंशन दी जानी चाहिए। उन्होंने संगठन विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि मंच का गठन देश के 15 से अधिक राज्यों व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हो चुका है और वर्ष 2027 के अंत में दिल्ली में एक विशाल राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र:
बैठक के दौरान प्रदेश संगठन मंत्री सुधीर शर्मा ने भी सरकार से दुर्घटना या आपदा की स्थिति में व्यापारियों के नुकसान की शत-प्रतिशत भरपाई करने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जिला स्तर पर 11 और नारनौल सिटी के 37 नवनियुक्त पदाधिकारियों को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपे गए। जिला अध्यक्ष संजय गर्ग और वरिष्ठ महामंत्री बिशन सैनी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और विश्वास दिलाया कि जल्द ही जिले के अन्य कस्बों में भी कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। बैठक में व्यापारियों का उत्साह चरम पर था और पूरा हॉल व्यापारी एकता जिंदाबाद तथा भारत माता की जय के गगनभेदी उद्घोषों से गूंज उठा। इस अवसर पर सुनील गौड़, सपना गुप्ता, अमित गोयल (सीताराम), राकेश यादव, खेमचंद शर्मा, घनश्याम गर्ग, धीरज शर्मा व सुरेश संघी सहित सैकड़ों व्यापारी नेता उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



