Nuh/Mewat News: पिनगवां में कांग्रेस का ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
खंड पिनगवां कांग्रेस की ओर से रविवार को पिनगवां में ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री आफताब अहमद, विधायक मामन खान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मेवात: खंड पिनगवां कांग्रेस की ओर से रविवार को पिनगवां में ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री आफताब अहमद, विधायक मामन खान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन के सफल आयोजन पर प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की सराहना की और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया।प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए संगठन का विस्तार किया जा रहा है।

जिला अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक अध्यक्ष, ब्लॉक कार्यकारिणी, मंडल अध्यक्ष, ग्राम कमेटियां और वार्ड कमेटियां गठित की जा रही हैं। हर 20 बूथ पर मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ संदेश के तहत प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करने का लक्ष्य है।उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई, कानून व्यवस्था और किसानों की स्थिति को लेकर जनता परेशान है। चीनी, पेट्रोल समेत जरूरी वस्तुओं के बढ़ते दामों से आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है और सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में विफल रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस आगामी 2029 के विधानसभा चुनाव में 70 से अधिक सीटें जीतकर हरियाणा में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि ब्लॉक स्तर के अधिवेशनों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं और राय जानना है। उन्होंने कहा कि मेवात के किसान, युवा और महिलाएं लंबे समय से संघर्ष करते आए हैं। युवाओं में बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उठ रहे सवाल गंभीर चिंता का विषय हैं। कांग्रेस जनता के हक, न्याय, बराबरी और वास्तविक विकास की लड़ाई में मजबूती से खड़ी है।ब्लॉक अध्यक्ष मुबारिक मलिक ने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ काम किया। उन्होंने सम्मेलन में पहुंचे वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत कर आगामी चुनावों के लिए संगठन को तैयार किया जाएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



