Gurugram/Pataudi News: विधानसभा में गूंजी पटौदी की समस्याएं, विधायक बिमला चौधरी ने उठाईं पांच प्रमुख मांगें
रामपुर-जटौली मंडी-तोड़ापुर व मिर्जापुर-जटौली मंडी सड़क निर्माण, खोड़ के किसानों को मुआवजा और सब्जी मंडी को अनाज मंडी में शिफ्ट करने की मांग
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पटौदी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़ी मांगों को विधायक श्रीमती बिमला चौधरी ने प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा।
पटौदी। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पटौदी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और जनहित से जुड़ी मांगों को विधायक श्रीमती बिमला चौधरी ने प्रमुखता से सदन के समक्ष रखा। विधायक ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, नई सड़कों के निर्माण, आगजनी से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने तथा पटौदी की सब्जी मंडी को अनाज मंडी में स्थानांतरित करने की मांग सरकार के समक्ष रखी। उन्होंने सरकार से इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत देने का आग्रह किया।
विधायक बिमला चौधरी ने विधानसभा में कहा कि पटौदी विधानसभा क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सड़क, किसान और मंडी से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए सरकार से आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

रामपुर से तोड़ापुर तक सड़क निर्माण की मांग
विधायक ने रामपुर से जटौली मंडी होते हुए तोड़ापुर तक मुख्य सड़क का निर्माण जल्द करवाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क निर्माण होने से आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा उन्हें लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।
मिर्जापुर-जटौली मंडी सड़क का मुद्दा भी उठाया
उन्होंने मिर्जापुर से जटौली मंडी तक सड़क निर्माण का मुद्दा भी विधानसभा में उठाया। विधायक के अनुसार इस सड़क के निर्माण से आसपास के कई गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने सरकार से सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करवाने की मांग की।
जमालपुर चौक-ताजनगर मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग
विधायक बिमला चौधरी ने जमालपुर चौक से ताजनगर तक मुख्य सड़क की जर्जर हालत का मुद्दा भी सदन में रखा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब सड़क के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस सड़क का पुनर्निर्माण जल्द करवाने की मांग की।
खोड़ में फसल जलने से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग
विधानसभा में विधायक ने गांव खोड़ में कुछ माह पूर्व आगजनी की घटना में करीब 50 एकड़ खड़ी फसल जलने से प्रभावित किसानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की, ताकि आर्थिक नुकसान झेल रहे किसानों को राहत मिल सके।
सब्जी मंडी को अनाज मंडी में शिफ्ट करने की मांग
पटौदी की मंडी व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा उठाते हुए विधायक ने पटौदी की सब्जी मंडी को अनाज मंडी में शिफ्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी तथा मंडी व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
विधायक बिमला चौधरी ने कहा कि पटौदी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सरकार के स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विधानसभा में उठाई गई सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र की जनता को इन समस्याओं से राहत मिल सके।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



