Palwal News: एसआईआर-2026 के नोटिस, दावे एवं आपत्तियों की अवधि को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिस चरण तथा दावे एवं आपत्तियों की अवधि के संबंध में हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
पलवल: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिस चरण तथा दावे एवं आपत्तियों की अवधि के संबंध में हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। पलवल जिला से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में एसडीएम होडल बलीना ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में सहभागिता की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए नोटिस चरण, मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले दावे एवं आपत्तियों तथा उनके निर्धारित समयावधि में निपटान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ पूरा किया जाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, त्रुटियों को ठीक कराने तथा आवश्यक होने पर दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए पर्याप्त जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिला में मिशन मोड में जारी मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान : एसडीएम बलीना
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला पलवल में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य मिशन मोड में जारी है। एसडीएम होडल बलीना ने अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
एसडीएम बलीना ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने साथ-साथ परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की कमी या त्रुटि दिखाई देती है, तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय रहते दावा अथवा आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके बाद प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा किया जाएगा तथा 28 अक्टूबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों के निपटान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके उपरांत 6 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



