Gurugram News: गुरुग्राम में सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ निवासी युवक की मौत

Desh Rojana
On

सोहना रोड स्थित एरिया मॉल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

गुरुग्राम: सोहना रोड स्थित एरिया मॉल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के गांव गुंजियाबोड़ निवासी चंद्रमणि के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के मोहन नगर स्थित मारुति कुंज में किराये के मकान में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था।
 
1002411559
 
परिजनों के अनुसार, चंद्रमणि 30 अगस्त को अंसल रामगढ़ इलाके में काम खत्म करने के बाद घर लौट रहा था। वह आमतौर पर रात करीब आठ से नौ बजे तक वापस आ जाता था, लेकिन उस दिन काफी देर होने के बाद भी घर नहीं पहुंचा। काफी समय तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसके भाई मनहरण कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की।
 
 दो दिन तक तलाशते रहे परिजन
परिजनों ने चंद्रमणि को रिश्तेदारों, दोस्तों और काम की संभावित जगहों पर तलाश किया। अस्पतालों में भी जानकारी ली गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान तलाश करते हुए मनहरण कुमार बादशाहपुर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें एक अज्ञात शव मिलने की जानकारी दी।
 
पुलिस से मिली सूचना के बाद मनहरण कुमार कैवट शवगृह पहुंचे। वहां शव देखकर उन्होंने उसकी पहचान अपने छोटे भाई चंद्रमणि के रूप में की। युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। छत्तीसगढ़ स्थित उसके गांव में भी घटना की जानकारी मिलने के बाद शोक का माहौल है।
 
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, सोहना-गुरुग्राम रोड पर एरिया मॉल के पास किसी अज्ञात वाहन ने चंद्रमणि को टक्कर मारी। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
 
मनहरण कुमार की शिकायत के आधार पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
 
पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान होने के बाद उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad