Kaithal/ Gulha Cheeka News: नहर में डूबने से मौत का मामले में एसपी से मिलने पहुंचे परिजन
परिजनों ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
गुहला हलका के सीवन क्षेत्र में मलिकपुर हेड पर नहर में नहाते समय डूबने से हुई युवक की मौत के मामले में युवक के परिजन सोमवार को कैथल एसपी से मिलने पहुंचे। उन्होंने मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
गुहला चीका: गुहला हलका के सीवन क्षेत्र में मलिकपुर हेड पर नहर में नहाते समय डूबने से हुई युवक की मौत के मामले में युवक के परिजन सोमवार को कैथल एसपी से मिलने पहुंचे। उन्होंने मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। हालांकि एसपी वहां पर नहीं मिले, लेकिन परिजनों में मामले को लेकर काफी रोष दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाए।

बता दें कि 16 अगस्त को युवक आकाश की डूबने से मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने उसके तीन साथियों पर डुबोकर मारने का आरोप लगाया। पुलिस ने 3 युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सोमवार को मृतक के परिजन कैथल में पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चाचा ने दी थी शिकायत:
मृतक युवक के चाचा राजेश ने बताया कि उसका भतीजा आकाश उर्फ जानी 16 अगस्त की शाम करीब 6 बजे अपने दोस्तों के साथ मलिकपुर हेड नहर पर नहाने गया था। नहाते समय उसके डूबने की सूचना मिली। उन्होंने तुंरत मौके पर पहुंचकर बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबने से दम घुटना बताया गया था और विसरा जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद वे पुलिस से मिलने के लिए सीवन गए थे।
3 नामजद सहित सात पर केस:
शिकायतकर्ता राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आकाश को उसके साथ गए कुछ युवकों ने नहर में नहाने के दौरान साजिश के तहत डुबोकर मारा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अनमोल, वंश खट्टर और तनिष्क व 3-4 अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर रखा है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस:
सीवन थाना एसएचओ मुकेश रानी ने बताया कि इस संबंध में मृतक लड़के के चाचा ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर रखा है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।




