Palwal News: आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य : सीटीएम प्रीति रावत
सीपीग्राम्स पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित
हरियाणा सरकार के शिकायत विभाग की विशेष सचिव प्रियंका सोनी की अध्यक्षता में सीपीग्राम्स (केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
पलवल: हरियाणा सरकार के शिकायत विभाग की विशेष सचिव प्रियंका सोनी की अध्यक्षता में सीपीग्राम्स (केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों के संबंधित अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। पलवल से सीटीएम प्रीति रावत, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा सहित संबंधित अधिकारियों ने बैठक में सहभागिता की। बैठक में केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति, लंबित मामलों, शिकायतों के निस्तारण तथा शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे समाधान की समीक्षा की गई।
विशेष सचिव प्रियंका सोनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित विभाग शिकायत की वास्तविक स्थिति का अध्ययन कर नियमानुसार ठोस कार्रवाई करें। शिकायत के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई एवं समाधान की स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
सीटीएम प्रीति रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में सीपीग्राम्स पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान मिल सके।
सीटीएम कहा कि जिन शिकायतों के समाधान में एक से अधिक विभागों के समन्वय की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीटीएम प्रीति रावत ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे प्रोएक्टिव मोड में कार्य करते हुए शिकायतों के समाधान में तत्परता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



