Kaithal/ Gulha Cheeka News: विधानसभा में गुहला कांग्रेस विधायक ने खेल स्टेडियम पर पूछा सवाल, हुआ हंगामा
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन जब गुहला हलका से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने खेल स्टेडियम बारे सवाल पूछा, तो विधानसभा में हंगामा हो गया। इस सम्बन्ध में विधानसभा से दूरभाष पर उक्त जानकारी देते हुए विधायक हंस ने बताया कि उन्होंने सवाल किया था कि गुहला में मंजूरशुदा खेल स्टेडियम के निर्माण में देरी हो रही है।
गुहला चीका: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन जब गुहला हलका से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने खेल स्टेडियम बारे सवाल पूछा, तो विधानसभा में हंगामा हो गया। इस सम्बन्ध में विधानसभा से दूरभाष पर उक्त जानकारी देते हुए विधायक हंस ने बताया कि उन्होंने सवाल किया था कि गुहला में मंजूरशुदा खेल स्टेडियम के निर्माण में देरी हो रही है। उन्होंने पूछा कि इसका निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा। हंस ने बताया कि मंत्री विपुल गोयल ने माना कि स्टेडियम के निर्माण में देरी हुई है।
कंपनी को अब तक 8 नोटिस दिए जा चुके हैं और उस पर 4 लाख का जुर्माना लगाया गया है। कंपनी की पेमेंट भी रोक दी गई है। हंस ने कहा कि मंत्री ने आश्वासन दिया कि स्टेडियम का काम 31 नवंबर तक पूरा करवा दिया जाएगा। विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि जब उन्होंने बताया कि खेल स्टेडियम 2017 की मुख्यमंत्री घोषणा है और इसका काम दिसंबर 2024 तक पूरा होना चाहिए था और उनका क्षेत्र नशे से ग्रस्त है, ऐसे में युवाओं के लिए खेल सुविधाएं जरूरी हैं। देवेंद्र हंस ने कहा कि उनके इस सवाल को मंत्री महोदय टाल गए और कहा कि हरियाणा को पहले किसानों और जवानों के प्रदेश के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब इसे खिलाडिय़ों के प्रदेश के तौर पर भी जाना जाने लगा है, इसके बाद मंत्री विपुल गोयल के जवाब से संतुष्ट न होकर अन्य कांग्रेस विधायकों ने भी आपत्ति जताई और दोनों तरफ से हंगामा शरू हो गया।
विधायक हंस ने कहा कि हद तो तब हुई, जब हंगामे के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्री गोयल का समर्थन करते हुए यह कहा कि विपुल गोयल सही जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में हरियाणा सरकार ने खेलों पर ध्यान दिया है, जिसका परिणाम सामने है। उन्होंने खिलाडिय़ों का धन्यवाद किया। हंगामे के दौरान सीएम सैनी ने कांग्रेस विधायकों पर टिप्पणी करते हुए यह भी कहा कि ये नए-नए विधायक आए हैं, उनको नहीं पता कि पूर्ववर्ती सरकारों ने क्या किया है, जिस पर कांग्रेस विधायकों ने निंदा करते हुए अपनी आपत्ति दर्ज करवाई।




