Gurugram News: पुरानी रंजिश में 35 वर्षीय युवक की हत्या, 10 आरोपी दबोचे
सेक्टर-45 इलाके में बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर चली आ रही रंजिश में 35 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
गुरूग्राम: सेक्टर-45 इलाके में बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर चली आ रही रंजिश में 35 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को आरोपियों ने व्यक्ति को उसकी झुग्गी से बाहर खींचकर लाठी-डंडों, चाकू और अन्य हथियारों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को 31 अगस्त को सेक्टर-45 में झगड़े की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि एक व्यक्ति को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया है। घटनास्थल की जांच क्राइम सीन और फिंगरप्रिंट टीम ने की। इसी दौरान पुलिस को घायल की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।
मृतक की पत्नी ने शिकायत में बताया कि 30 अगस्त को राहुल और आकाश नामक युवक बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर उनकी झुग्गी पर आए थे। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें आकाश और सुनील को चोट लगी थी। आरोप है कि अगले दिन राहुल अपने साथियों के साथ हथियार लेकर पहुंचा और उसके पति बाबूलाल को झुग्गी से बाहर निकालकर हमला कर दिया।
मृतक की पहचान बाबूलाल (35) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हिनौता गांव का रहने वाला था। हमले में गंभीर रूप से घायल बाबूलाल को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-40 थाने में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने 10 आरोपियों को पकड़ा
मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने मंगलवार को गुरुग्राम से 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नारायण, प्रमोद, रफीफुल आलम उर्फ मुन्ना, रानेश, राहुल, अनिल, बीजू, बालकिशन, राजाराम और रकीबुल उर्फ राकेश शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और वर्तमान में गुरुग्राम के सामसपुर व कन्हई क्षेत्र की झुग्गियों में रह रहे थे।
पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी गुरुग्राम में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। पुलिस का कहना है कि बच्चों के विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट ने पुरानी रंजिश का रूप ले लिया था। इसी के चलते आरोपियों ने बाबूलाल पर हमला किया।
पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जाएंगे। मामले की जांच जारी है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



