Gurugram News: गाय से अप्राकृतिक कृत्य के आरोप में केस, बजरंग दल ने की गिरफ्तारी की मांग
गुरुग्राम की अमर कॉलोनी में एक गाय के साथ कथित तौर पर अप्राकृतिक कृत्य किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने शिवाजी नगर थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गुरुग्राम: गुरुग्राम की अमर कॉलोनी में एक गाय के साथ कथित तौर पर अप्राकृतिक कृत्य किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद बजरंग दल के पदाधिकारियों ने शिवाजी नगर थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ पुलिस को वीडियो और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए गए हैं।

बजरंग दल के केशव प्रखंड संयोजक विवेक के मुताबिक, घटना अमर कॉलोनी की गली नंबर-1 में हुई। शिकायत के अनुसार, 30 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे एक व्यक्ति ने सड़क पर खड़ी गाय के साथ कथित तौर पर यह कृत्य किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ता सक्रिय हुए और मामले को पुलिस के संज्ञान में लाया गया।
बताया गया है कि घटना के दौरान एक युवक ने अपने घर की छत से पूरी वारदात को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में उसने यह वीडियो बजरंग दल के सदस्यों को उपलब्ध कराया। इसके आधार पर संगठन के पदाधिकारी पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की।
पुलिस को दी गई शिकायत में मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



