Palwal News: कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
सर्व कर्मचारी संघ के नेतृत्व में विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने कुशलीपुर स्थित गुर्जर धर्मशाला में बैठक कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगर पालिका, अग्निशमन विभाग, अतिथि अध्यापकों व अन्य अनियमित कर्मचारियों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
पलवल: सर्व कर्मचारी संघ के नेतृत्व में विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने कुशलीपुर स्थित गुर्जर धर्मशाला में बैठक कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगर पालिका, अग्निशमन विभाग, अतिथि अध्यापकों व अन्य अनियमित कर्मचारियों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया ने कहा कि लंबे समय से कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा समान काम के लिए समान वेतन दिया जाए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों से किए गए समझौतों को लागू नहीं कर रही है। अग्निशमन और नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया गया।
अतिथि अध्यापक संघ के जिला प्रधान डॉ. उदय राम शास्त्री ने कहा कि अतिथि अध्यापक 23 जून से कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास पर पड़ाव डालकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक ठोस समाधान नहीं हुआ है।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। 1 से 3 सितंबर तक शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद स्थित आवास पर पड़ाव डाला जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास पर भी आंदोलन करने की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय तक पैदल मार्च किया और उपायुक्त के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।




