Firozepur Jirkha: पाठखोरी में अंधड़ और बारिश से नुकसान, टीन शेड व कच्चे छप्पर उड़े, 6 बिजली खंभे टूटे
ग्रामीणों ने की मुआवजा देने की मांग।
शनिवार को अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं तेज अंधड़ और बारिश ने कई गरीब परिवारों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। क्षेत्र के गांव पाठखोरी में तेज हवाओं के साथ आए अंधड़ से कई मकानों के टीन शेड और कच्चे छप्पर उड़ गए, जबकि बिजली विभाग को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा।
फिरोजपुर झिरका। शनिवार को अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं तेज अंधड़ और बारिश ने कई गरीब परिवारों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। क्षेत्र के गांव पाठखोरी में तेज हवाओं के साथ आए अंधड़ से कई मकानों के टीन शेड और कच्चे छप्पर उड़ गए, जबकि बिजली विभाग को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। तेज तूफान के कारण गांव में बिजली के करीब छह खंभे टूट गए, जिससे कई गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं। कुछ ही देर में अंधड़ इतना तेज हो गया कि कई कच्चे घरों के छप्पर और टीन शेड उड़ गए। इसके बाद हुई बारिश ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को सबसे अधिक नुकसान झेलना पड़ा।

गांव के सामाजिक कार्यकर्ता संजू पाठखोरी ने बताया कि गांव निवासी आजाद पुत्र इलियास, जो बेहद गरीब और निर्धन परिवार से संबंध रखते हैं, ने मेहनत करके टीन शेड का छोटा मकान तैयार किया था। लेकिन तेज अंधड़ उनके मकान को पूरी तरह उड़ा ले गया। मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
वहीं तेज तूफान के चलते बिजली विभाग के कई खंभे टूटने से बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। गांव सहित आसपास के कई क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। बिजली निगम के कर्मचारी टूटे हुए खंभों को हटाकर नए खंभे लगाने और तारों को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जिन गरीब परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए। लोगों का कहना है कि अचानक आए इस अंधड़ और बारिश ने गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है और कई परिवारों के सामने रहने और खाने तक का संकट खड़ा हो गया है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



