हड़ताल के चलते फिरोजपुर झिरका बना डंपिंग यार्ड, 11 मई तक हड़ताल पर रहेंगे सफाई कर्मचारी
: शहर में जगह-जगह लगे गंदगी के अंबार, लोगों को हो रही भारी परेशानी।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों की लगातार चल रही हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले नौ दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके चलते शहर के मुख्य बाजारों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं।
फिरोजपुर झिरका: नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों की लगातार चल रही हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले नौ दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके चलते शहर के मुख्य बाजारों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि फिरोजपुर झिरका किसी डंपिंग यार्ड जैसा दिखाई देने लगा है।
सफाई व्यवस्था ठप होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर से बदबू फैल रही है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बाजारों में दुकानदारों और राहगीरों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नालियां जाम हो चुकी हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा। लोगों ने जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नालियां ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रही हैं, जिससे रास्ते अवरुद्ध हो रहे हैं। यदि इसपर ध्यान नहीं दिया गया तो स्थिति और भी खराब हो सकती है।

वहीं यूनियन के पदाधिकारी मुकेश चावरिया, बसन्त लाल का कहना है कि वे अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार सरकार और प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण उन्हें मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी हड़ताल 11 मई तक जारी रहेगी। हालांकि यूनियन ने इस हड़ताल को अनिश्चितकालीन करने की भी बात कही जा रही है। उधर हड़ताल के चलते शहर में रोजाना निकलने वाला कचरा सड़कों और खाली पड़ी जगहों पर जमा हो रहा है। शहर के कई वार्डों में कई दिनों से सफाई नहीं होने के कारण लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान निकालकर शहर को गंदगी से राहत दिलाई जाए। इस बारे में नगर आयुक्त दलबीर सिंह ने बताया कि इस संदर्भ में हमारे द्वारा संबंधित सचिव को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।




