Ferozepur Jirkha: पाइप लाइन बिछाने में अनियमितता पर नपा चेयरमैन सख्त, रिपेयरिंग नहीं हुई तो होगी कार्रवाई
सड़कें तोड़कर छोड़े गड्ढे, नगर पालिका चेयरमैन मनीष जैन ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण।
शहर में नई पेयजल पाइप लाइन बिछाने के कार्य के दौरान सड़कों को तोड़कर मरम्मत में बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर नगर पालिका ने कड़ा एतराज जताया है। कई वार्डों में नई सड़कों और गलियों को खोदने के बाद उनकी सही तरीके से मरम्मत नहीं किए जाने से लोगों में भारी नाराजगी बनी हुई है।
फिरोजपुर झिरका। शहर में नई पेयजल पाइप लाइन बिछाने के कार्य के दौरान सड़कों को तोड़कर मरम्मत में बरती जा रही अनियमितताओं को लेकर नगर पालिका ने कड़ा एतराज जताया है। कई वार्डों में नई सड़कों और गलियों को खोदने के बाद उनकी सही तरीके से मरम्मत नहीं किए जाने से लोगों में भारी नाराजगी बनी हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका चेयरमैन मनीष जैन ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और संबंधित एजेंसी को जल्द व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन मनीष जैन के साथ जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ, नगर पालिका सचिव राजेश मेहता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने शहर के कई इलाकों में जाकर पाइप लाइन डालने के बाद सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। कई स्थानों पर सड़कों को खोदने के बाद गड्ढे खुले मिले, जबकि कहीं अधूरी रिपेयरिंग के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के समक्ष शिकायत रखते हुए कहा कि पाइप लाइन डालने के बाद गलियों और सड़कों की हालत खराब हो गई है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
चेयरमैन मनीष जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि हाल ही में बनी सड़कों को दोबारा तोड़ने के बाद यदि उनकी गुणवत्ता के साथ मरम्मत नहीं की गई तो नगर पालिका इस मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए कि जहां भी पाइप लाइन का कार्य पूरा हो चुका है, वहां तुरंत सड़कों और गलियों की रिपेयरिंग कराई जाए तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ ने बताया कि शहर में करीब 40 किलोमीटर लंबी नई पेयजल पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इस परियोजना के लिए सरकार की ओर से लगभग 14 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के तहत ठेकेदार की जिम्मेदारी पाइप लाइन डालने के साथ-साथ खोदी गई सड़कों और गलियों को पहले जैसी स्थिति में दुरुस्त करना भी है।
एसडीओ ने कहा कि जिन स्थानों पर रिपेयरिंग कार्य में लापरवाही मिली है, वहां संबंधित एजेंसी को नोटिस देकर जल्द सुधार कराया जाएगा। इस दौरान चेयरमैन मनीष जैन ने कहा कि शहर के कई वार्डों में पानी की किल्लत लगातार बनी हुई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट अधिक है वहां प्राथमिकता के आधार पर नए बोर लगाए जाएं और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका जनस्वास्थ्य विभाग को हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। साथ ही वार्डों में खराब सफाई व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



