हरियाणा विधानसभा की विभिन्न समितियों का गठन, शहरी स्थानीय निकाय कमेटी एवं पंचायती राज के सभापति (चेयरमैन) बने विधायक मूलचंद शर्मा
हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंदर कल्याण द्वारा विधानसभा की विभिन्न विषय समितियों (कमेटियों) का गठन किया गया है। इन समितियों में हरियाणा के कई विधायकों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
फरीदाबाद। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंदर कल्याण द्वारा विधानसभा की विभिन्न विषय समितियों (कमेटियों) का गठन किया गया है। इन समितियों में हरियाणा के कई विधायकों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गठित समितियों में शहरी स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं संबंधी विषय समिति की अध्यक्षता बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा को सौंपी गई है। इस समिति में विधायक घनश्याम सर्राफ, राम कुमार कश्यप, प्रमोद कुमार विज, भरत सिंह बेनीवाल, रणबीर तेवतिया, मुकेश शर्मा, गोकुल सेतिया और राजेश जून को सदस्य बनाया गया है। यह समिति प्रदेश में शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े विषयों की समीक्षा और निगरानी का कार्य करेगी। विधायक मूलचंद शर्मा ने हरियाणा के विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है और उन्होंने कहा है वे उनको दी गई जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाएंगे ताकि प्रदेश की निगम/ निकायों और पंचायती राज से जुड़े मुद्दों की समीक्षा के साथ साथ उनका समाधान करा सके। इसके अलावा प्रदूषण एवं पर्यावरण संबंधी विषय समिति में भी विधायक मूलचंद शर्मा को सदस्य बनाया गया है इस समिति के सभापति विधायक राम कुमार कश्यप होंगे। समिति में विधायक चौ. अकरम खान, घनश्याम दास, चौ. मामन खान, विकास सहारण, आदित्य देवीलाल और राजेश जून को भी सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं लोक उपक्रमों संबंधी समिति में भी मूलचंद शर्मा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इस समिति के सभापति विधायक श्री राम कुमार गौतम होंगे। समिति में विधायक अशोक कुमार अरोड़ा, निर्मल सिंह, चौ. अकरम खान, अनिल यादव, देवेंद्र चतुर्भुज अत्री, उमेद सिंह और चंद्र प्रकाश को सदस्य बनाया गया है। हरियाणा विधानसभा द्वारा गठित इन समितियों के माध्यम से विभिन्न विभागों और जनहित से जुड़े विषयों पर निगरानी तथा नीतिगत सुझाव दिए जाएंगे। विधायक मूलचंद शर्मा को एक समिति का सभापति तथा दो अन्य समितियों में सदस्य बनाए जाने पर क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।

About The Author
संबंधित समाचार



