Gurugram News: व्यापार मंडल ने गुरुग्राम-मानेसर की समस्याओं को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
सफाई, कूड़ा प्रबंधन, जलभराव, यातायात और सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दे उठाए; उपायुक्त ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए
गुरुग्राम और मानेसर क्षेत्र की जनहित एवं व्यापारिक समस्याओं को लेकर भारतीय व्यापार मंडल, हरियाणा प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपायुक्त उत्तम सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सफाई, कूड़ा प्रबंधन, जलभराव, यातायात, बिजली, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा, पार्कों के रखरखाव और सीसीटीवी व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
गुरुग्राम: गुरुग्राम और मानेसर क्षेत्र की जनहित एवं व्यापारिक समस्याओं को लेकर भारतीय व्यापार मंडल, हरियाणा प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपायुक्त उत्तम सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सफाई, कूड़ा प्रबंधन, जलभराव, यातायात, बिजली, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा, पार्कों के रखरखाव और सीसीटीवी व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष समस्याओं के व्यावहारिक एवं दीर्घकालिक समाधान के सुझाव भी रखे। उपायुक्त ने विभिन्न मुद्दों को सुनने के बाद संबंधित क्षेत्रों का तथ्यात्मक डेटा और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि समस्याओं के आधार पर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ज्ञापन को संबंधित विभागों और अधिकारियों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पूरे गुरुग्राम की यातायात व्यवस्था पर नजर:
उपायुक्त ने बताया कि जिले में यातायात व्यवस्था की व्यापक स्तर पर निगरानी की जाएगी। इसमें मुख्य मार्गों के साथ-साथ सेक्टरों और आंतरिक सड़कों पर जाम की स्थिति की भी निगरानी शामिल होगी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-8) समेत प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कूड़ा संग्रहण और सीसीटीवी व्यवस्था पर जोर:
कूड़ा प्रबंधन के मुद्दे पर उपायुक्त ने बताया कि गुरुग्राम में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया समेत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शहर में नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
मानेसर में जलभराव और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठा:
बैठक में मानेसर क्षेत्र में जलभराव, बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और पार्कों के रखरखाव से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई औद्योगिक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण रात के समय सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं। इसके अलावा कई पार्कों में सफाई और रखरखाव की स्थिति भी ठीक नहीं है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और मानेसर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर सहमति जताई।
स्वच्छता में नागरिकों से सहयोग की अपील:
उपायुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि नागरिकों, आरडब्ल्यूए, व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों की भी है। उन्होंने लोगों से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं डालने तथा निर्धारित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करने की अपील की। व्यापार मंडल की ओर से शहर में उपयुक्त स्थानों पर व्यवस्थित कचरा संग्रहण केंद्र विकसित करने का सुझाव भी दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि यदि ऐसे केंद्र एनजीटी के मानदंडों और पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप विकसित किए जा सकते हैं, तो प्रशासन प्रस्ताव पर विचार करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष कपिल गर्ग रतेरिया, प्रदेश प्रवक्ता सीमा तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री संतोष गुप्ता, वरिष्ठ सलाहकार डॉ. राकेश जैन, संगठन मंत्री अनुपम गुप्ता, गुरुग्राम जिला अध्यक्ष प्रवीण बंसल और जिला महामंत्री प्रवीण गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



