Rewari News: फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम शुरू

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए जून से सितंबर तक चलेगा अभियान

Desh Rojana
On

जिला निर्वाचन अधिकारी कम डीसी अभिषेक ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्य के संबंध में बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में संबंधित ईआरओ व चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

रेवाड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी कम डीसी अभिषेक ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्य के संबंध में बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में संबंधित ईआरओ व चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
Election Revision of Electoral Roll Meeting____DC (1)
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य बारे ईआरओ व चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक।
डीसी ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित बनाई जा सके। 
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता तक इसकी जानकारी पहुंचे। 
उन्होंने कहा कि जिला में गांवों, शहरी क्षेत्रों, पंचायतों, शिक्षण संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां चलाई जाए। सोशल मीडिया, प्रचार वाहनों, मुनादी एवं अन्य जनसंपर्क माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। बैठक से पूर्व हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि वे अपनी टीम का गठन करते हुए साप्ताहिक रिपोर्ट भी भेजना सुनिश्चित करें। डीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की क्वालिफाइंग तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के अनुसार 5 जून से 10 जून तक बीएलओ को प्रशिक्षण एवं सामग्री वितरण किया जाएगा, जबकि 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन का कार्य भी 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा तथा 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। 
डीसी ने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, वहां नए मतदान केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त भवनों की पहचान की जाए और संबंधित अधिकारी समय पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या के समाधान के लिए नागरिक निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर सुबह 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad