फिरोजपुर झिरका में अतिक्रमण पर गरजा प्रशासन का पीला पंजा
: लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के संयुक्त टीम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान।
शहर में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य बाजार क्षेत्रों को अवैध कब्जों से मुक्त कराया।
फिरोजपुर झिरका: शहर में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य बाजार क्षेत्रों को अवैध कब्जों से मुक्त कराया। जिला उपायुक्त के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंबेडकर चौक और गुरुग्राम अलवर मुख्य मार्ग के आसपास के इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई की निगरानी एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में की।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि सर्विस लाइन पर लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, खासकर समाधान शिविरों में इस मुद्दे को बार-बार उठाया गया। इसके बावजूद कई दुकानदारों ने चेतावनी के बाद भी अवैध कब्जे नहीं हटाए। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान अंबेडकर चौक, बस स्टैंड के सामने, चूड़ी मार्केट और जामा मस्जिद के आसपास लगी अवैध दुकानों को हटाया गया।
अभियान में पाया गया कि कई लोग सर्विस लाइन और मुख्य मार्ग पर फल-फ्रूट की दुकानें, मीट-बिरयानी के स्टॉल, वेल्डिंग कार्य, पंचर लगाने और कबाड़ रखने जैसे काम कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था। प्रशासन ने ऐसे सभी अतिक्रमणों को हटाकर मार्ग को सुचारु बनाने का प्रयास किया।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन आदेशों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर में व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस पीले पंजे के गरजने के दौरान नगर पालिका सचिव राजेश मेहता, सिटी थाना प्रबंधक कुलदीप सिंह, कनिष्ठ अभियंता संजय कुमार, सहित लोगों निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।




