27 अप्रैल की छात्र महापंचायत को लेकर जजपा का बिगुल, नूंह से हजारों युवा हिसार कूच करेंगे
जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने हिसार में छात्रों और पार्टी नेतृत्व के साथ हुए कथित पुलिस व्यवहार के विरोध में 27 अप्रैल को होने वाली छात्र महापंचायत को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
नूंह:
जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने हिसार में छात्रों और पार्टी नेतृत्व के साथ हुए कथित पुलिस व्यवहार के विरोध में 27 अप्रैल को होने वाली छात्र महापंचायत को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नूंह जिला मुख्यालय पर जजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नासिर हुसैन बदरूद्दीन अड़बर ने की। बैठक में पुलिस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए नासिर हुसैन बदरूद्दीन अड़बर ने कहा कि हिसार में जो घटनाक्रम सामने आया, वह हरियाणा के इतिहास में एक काला अध्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जब गिरफ्तार कार्यकर्ताओं से मिलने जा रहे थे, तब पुलिस ने न केवल उनका रास्ता रोका बल्कि एक अधिकारी द्वारा उन पर पिस्टल तक तान दी गई। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन बताते हुए कहा कि यह व्यवहार पुलिस का नहीं बल्कि तानाशाही का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि यदि एक पूर्व उपमुख्यमंत्री के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आम जनता की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि पुलिस प्रशासन सरकार के दबाव में गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) के छात्रों और INSO कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई कर रहा है। बिना ठोस कारण छात्रों पर गंभीर धाराएं लगाना और मुकदमे दर्ज करना अन्यायपूर्ण है।
जजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज को दबाने के लिए पुलिस और कानून का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन पार्टी इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। इसी के विरोध में 27 अप्रैल को हिसार में होने वाली छात्र महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया है।
नासिर हुसैन ने ऐलान किया कि नूंह जिले के गांव-गांव से हजारों की संख्या में युवा और कार्यकर्ता हिसार कूच करेंगे और इस “दमन” के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर आस मोहम्मद, साकिर सालाहेडी, जावेद इकबाल, डॉ. सागर पवार, सपना देडवाल, तालिम बसई, साहिर सलमान, नाजिम खान, शमशुद्दीन गुमल, हनीफ चेयरमैन, जमील ठेकेदार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




