Nuh Mewat News: 504 प्राथमिक विद्यालयों में 18 से 21 अगस्त तक होगा सावधिक आकलन-1 : मामराज रावत
निपुण हरियाणा टीचर ऐप से होगा आकलन, कक्षा-3 में हिंदी ओआरएफ और कक्षा-4 में लिखित एवं मौखिक परीक्षा
जिला नूंह के 504 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में बालवाटिका-III से कक्षा-4 तक शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सावधिक आकलन-1 आगामी 18 से 21 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।
नूंह: जिला नूंह के 504 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में बालवाटिका-III से कक्षा-4 तक शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सावधिक आकलन-1 आगामी 18 से 21 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। आकलन निपुण हरियाणा मिशन एवं सीआरपी की दक्षताओं पर आधारित होगा और विद्यार्थियों का मूल्यांकन लिखित एवं मौखिक माध्यम से किया जाएगा।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने बताया कि आकलन का उद्देश्य विद्यार्थियों के वास्तविक अधिगम स्तर एवं दक्षताओं की पहचान कर उनकी अधिगम संबंधी कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक शैक्षणिक रणनीति तैयार करना है। उन्होंने सभी विद्यालय मुखियाओं एवं शिक्षकों को निर्धारित कार्यक्रम एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार आकलन करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि आकलन से संबंधित अभ्यास प्रश्न-पत्र एवं शिक्षक मार्गदर्शिका निपुण हरियाणा टीचर ऐप के कंटेंट रिपॉजिटरी में उपलब्ध हैं। शिक्षक आकलन से पूर्व इनका अध्ययन कर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।
अंग्रेजी भाषा भी आकलन का हिस्सा : डॉ. कुसुम मलिक
जिला एफएलएन कोऑर्डिनेटर डॉ. कुसुम मलिक ने बताया कि इस बार सावधिक आकलन को अधिक दक्षता आधारित बनाया गया है तथा अंग्रेजी भाषा को भी इसमें शामिल किया गया है। कक्षा-3 में हिंदी ओआरएफ (मौखिक पठन प्रवाह) का आकलन निपुण हरियाणा टीचर ऐप के विशेष मॉड्यूल के माध्यम से किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों की सुनने, बोलने एवं पढ़ने की दक्षताओं का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कक्षा-4 में हिंदी की लिखित एवं मौखिक परीक्षा अलग-अलग दिनों में होगी। लिखित परीक्षा में श्रुतलेख एवं लेखन कौशल तथा मौखिक परीक्षा में सुनने, बोलने एवं पढ़ने की दक्षताओं का मूल्यांकन किया जाएगा। बालवाटिका-III के लिए विभाग द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार संयुक्त आकलन होगा।
सुबह 9 से 11 और दोहरी पाली में दोपहर 1 से 3 बजे तक होगा आकलन
डॉ. कुसुम मलिक ने बताया कि सामान्य विद्यालयों में आकलन का समय प्रातः 9 से 11 बजे तक तथा दोहरी पाली वाले विद्यालयों में दोपहर 1 से 3 बजे तक रहेगा। आकलन का रिकॉर्ड निपुण हरियाणा टीचर ऐप के माध्यम से दर्ज एवं जमा किया जाएगा।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि आकलन का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की दक्षता एवं अधिगम स्तर की वास्तविक स्थिति को समझकर उसमें सुधार करना है। आकलन से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विद्यार्थियों की अधिगम संबंधी कमियों पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा, जिससे जिले में निपुण नूंह के लक्ष्य को गति मिलेगी।

About The Author
संबंधित समाचार



