हरियाणा में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा निर्वाचन आयोग और भाजपा पर लगाए गए “वोट चोरी” के आरोपों के समर्थन में पलवल जिला कांग्रेस कमेटी ने एक विशाल कैंडल मार्च निकाला। यह कैंडल मार्च जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल आधाना और हथीन के विधायक चौधरी इसराईल के संयुक्त नेतृत्व में सिटी पुलिस थाने से शुरू होकर मीनार गेट तक शांतिपूर्वक निकाला गया।
 
मार्च में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र बचाओ”, “वोट चोरी बंद करो” और “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे लगाए। पूरे मार्च के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भाजपा सरकार के प्रति गहरा रोष देखने को मिला।
 
इस अवसर पर विधायक चौधरी इसराईल ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की मूल आत्मा के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा वोट चोरी करके सत्ता में आई है, लेकिन अब हमारे नेता राहुल गांधी ने इस चोरी की सरकार का भंडाफोड़ कर दिया है। मुख्यमंत्री को अब नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।”
 
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष नेत्रपाल आधाना ने भी भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मतदाता सूचियों में धांधली और फर्जी नाम जोड़कर चुनाव जीतना लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से संसद तक उठाएगी और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
 
नेत्रपाल आधाना ने कहा कि राहुल गांधी का यह अभियान सिर्फ भाजपा के खिलाफ नहीं बल्कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर सच्चाई बताएं और आने वाले चुनावों में भाजपा की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर काम करें।
 
कैंडल मार्च के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। कांग्रेस नेताओं ने अंत में संकल्प लिया कि जब तक चुनाव व्यवस्था पारदर्शी और निष्पक्ष नहीं बनती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
unnamed