Palwal News : आकांक्षी ब्लॉक हथीन के विकास को मिलेगी नई गति, नीति तारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित : उपायुक्त
विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता तथा समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करना आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम का मूल उद्देश्य
भारत सरकार के नीति आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने तथा आकांक्षी ब्लॉक हथीन में डेटा आधारित सुशासन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नीति तारा (एनआईटीआई तारा) प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने की।
पलवल। भारत सरकार के नीति आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने तथा आकांक्षी ब्लॉक हथीन में डेटा आधारित सुशासन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नीति तारा (एनआईटीआई तारा) प्रशिक्षण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने की। 
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम का मूल उद्देश्य विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता तथा समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करना है। नीति तारा (NITI TARA- Toolkit For Analysis, Review & Action) अर्थात् विश्लेषण, समीक्षा एवं कार्यवाही हेतु टूलकिट, एक डेटा आधारित डिजिटल प्रणाली है, जिसके माध्यम से आकांक्षी ब्लॉकों में विकास योजनाओं की प्रगति की निगरानी, समीक्षा तथा प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं आंकड़ों पर आधारित कार्यप्रणाली अपनाकर विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और बेहतर निगरानी संभव होगी। इससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा तथा प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नीति तारा मंच के संचालन, उपकरणों के उपयोग, आंकड़ों के विश्लेषण, विकास योजनाओं के नियोजन, प्रगति की निगरानी तथा समीक्षा की प्रक्रिया संबंधी विस्तृत जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एवं कार्यक्रम की नोडल अधिकारी उपमा अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



