सरकार और जिला प्रशासन आगजनी से बेघर हुए पीड़ित परिवारों के पुनर्वास के लिए कृतसंकल्प : गौरव गौतम
- खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने आगजनी से पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराया जरूरत का सामान - भविष्य में भी पीड़ित परिवारों की मदद का सिलसिला रहेगा जारी, बोले खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम
हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को पलवल स्थित प्रजापति धर्मशाला में पहुंचकर पीड़ित परिवारों के लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा
पलवल: हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को पलवल स्थित प्रजापति धर्मशाला में पहुंचकर पीड़ित परिवारों के लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और उन्हें गैस चूल्हा, 5 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर, तवा, बाल्टी सहित खाना बनाने और जरूरत का अन्य सामान वितरित किया।

उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है दुख की इस घड़ी में सरकार और जिला प्रशासन मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की मदद का सिलसिला भविष्य में भी जारी रहेगा ताकि उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों के लिए राहत कार्यों में कोई कमी न रहे और पीड़ित परिवारों तक समय पर जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन हाल ही में पलवल की सेक्टर-2 स्थित धर्मनगर कॉलोनी में झुग्गी-झोपडिय़ों में लगी आग से बेघर हुए पीडि़त परिवारों के पुनर्वास के लिए कृतसंकल्प है, जिसके लिए सरकार और जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें मूलभूत सुविधाओं सहित राशन सामग्री की व्यवस्था की जा रही है ताकि पीडि़त परिवारों का जीवन फिर से पटरी पर लौट सके। उन्होंने पीडि़त परिवारों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें। बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस तथा आवश्यक पाठ्य सामग्री की समुचित व्यवस्था करवाई जाएगी ताकि वे बिना किसी चिंता के अपनी शिक्षा जारी रख सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार का उद्देश्य केवल राहत प्रदान करना ही नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाकर उनका पुनर्वास करना भी है। पीडि़त परिवारों के सदस्यों ने खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम द्वारा मानवीय आधार पर की गई सहायता के लिए सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से उन्हें न केवल राहत मिली है, बल्कि भविष्य के प्रति एक नई उम्मीद भी जगी है।

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आगजनी से पीड़ित परिवारों के लिए धर्म नगर कॉलोनी के नजदीक प्रजापति भवन में अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी जिलावासियों से आह्वान किया कि वे इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए दिल खोलकर आगे आएं और यथासंभव योगदान दें। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों के समक्ष इस समय रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में सरकार और जिला प्रशासन के साथ-साथ शहर के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों और संस्थाओं को भी आगे आकर इनकी मदद करनी चाहिए। धार्मिक और समाजसेवी संस्थाओं से अपील है कि वे आगे आकर इन जरूरतमंद परिवारों की सहायता करें। इच्छुक व्यक्ति पीड़ित परिवारों की सहायता जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम देकर कर सकते हैं ताकि जरूरतमंदों को राहत पहुंचाकर उनका पुनर्वास किया जा सके।
इस अवसर पर जय बजरंगबली गैस एजेंसी से पुनीत भारद्वाज, बलराम गुप्ता मयंक चौधरी पार्षद, रवि गांगुली, अंजलि भयाना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




