आगजनी इत्यादि घटना होने पर मदद के लिए डायल करें 112 : उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ
-कहा, पीड़ितों की मदद को आगे आएं औद्योगिक संगठन -सीएसआर के तहत सहयोग की अपील, पीड़ित परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का आह्वान
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि आगजनी (पुलिस सहायता एवं एम्बुलेंस आदि) जैसी किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तुरंत हेल्पलाइन नंबर-112 पर सूचना दें, ताकि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पलवल: उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि आगजनी (पुलिस सहायता एवं एम्बुलेंस आदि) जैसी किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तुरंत हेल्पलाइन नंबर-112 पर सूचना दें, ताकि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। वे सोमवार को धर्म नगर कॉलोनी स्थित झुग्गियों में हुई आगजनी की घटना में पीड़ितों की सहायतार्थ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे, जिसमें उन्होंने विशेष रूप से औद्योगिक इकाइयों का पीड़ितों की सहायता के लिए आह्वान किया।

बुधवार को देर सायंकाल कैंप कार्यालय में पलवल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सामूहिक सहयोग से ही पीड़ितों को राहत पहुंचाई जा सकती है।
सीएसआर के तहत सहयोग बढ़ाने पर जोर
उपायुक्त ने उद्योग संगठनों से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत अपने योगदान को बढ़ाने और जिले में स्थापित उद्योगों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की भागीदारी से समाज के कमजोर वर्गों को बेहतर सहायता मिल सकती है।
पीड़ित परिवारों के लिए राहत सामग्री उपलब्ध कराने की अपील
उपायुक्त ने उद्योग संगठन से आगजनी से प्रभावित परिवारों को आवश्यक घरेलू सामग्री उपलब्ध कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गैस चूल्हा, आटा टंकी, बर्तन, चाय सेट सहित रसोई और बाथरूम से जुड़ी जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराकर पीडि़तों को राहत दी जा सकती है। इस पर उद्योग संगठन के प्रतिनिधियों ने आगे बढक़र हर संभव सहायता करने की सहमति जताई।
गैस एजेंसियों को छोटे सिलेंडर उपलब्ध कराने की अपील
बैठक में गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रभावित परिवारों को घरेलू उपयोग के छोटे गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि उनके दैनिक जीवन में आ रही कठिनाइयों को कम किया जा सके।
जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
उपायुक्त ने जिला अग्निशमन अधिकारी को निर्देशित किया कि वे आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण और बचाव के उपायों के बारे में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। इस अवसर पर उपायुक्त ने उद्योग संगठन की समस्याएं भी सुनी और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
यह रहे मौजूद :
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, अतिरिक्त उपायुक्त डा. सुभिता ढाका, नगराधीश प्रीति रावत, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, लोक निर्माण विभाग पलवल के कार्यकारी अभियंता रितेश यादव, पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन मोहित वशिष्ठ, पलवल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. एस.सी. कंसल, जर्नल सेक्रेटरी रविंद्र यादव, वाइस प्रेसिडेंट राजीव मेहरा, मानवेंद्र सहित अन्य अधिकारीगण व पलवल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्यगण उपस्थित रहे।


About The Author
संबंधित समाचार



