सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने पर पलवल में होगा भव्य “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष अखंड आस्था" कार्यक्रम का आयोजन
श्री जंगेश्वर महादेव मंदिर पलवल में मनाया जाएगा भव्य सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेशभर में 11 मई 2026 को 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष अखंड आस्था' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
पलवल। हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेशभर में 11 मई 2026 को 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष अखंड आस्था' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिला पलवल में भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति के साथ कार्यक्रम का भव्य आयोजन पलवल स्थित प्राचीन श्री जंगेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुबह 10 बजे से किया जाएगा, जिसमें हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में होडल के विधायक हरेंद्र सिंह व हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन सोमनाथ में किया जाएगा, जहां से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को संबोधित करेंगे।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह के दौरान प्रधानमंत्री गुजरात के सोमनाथ से देशवासियों को संबोधित करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से लाइव जुड़ेंगे। पलवल में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरवशाली विरासत के प्रति लोगों में जागरूकता एवं सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है। आयोजन भारत की सनातन संस्कृति, आस्था, स्वाभिमान और गौरवशाली इतिहास को समर्पित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपराओं तथा सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी जोड़ना है। वर्तमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा 11 मई, 1951 को की गई थी। यह समारोह केवल एक मंदिर के पुनः खुलने का प्रतीक नहीं था, बल्कि भारत के सभ्यतागत आत्म-सम्मान की पुष्टि थी।
उपायुक्त ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की उस अटूट आस्था, सांस्कृतिक चेतना और आत्मसम्मान का प्रतीक है, जिसने हजारों वर्षों की चुनौतियों, संघर्षों और आक्रमणों के बावजूद अपनी सांस्कृतिक पहचान को सदैव जीवंत बनाए रखा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्र गौरव का संदेश देने वाला ऐतिहासिक पर्व है। उन्होंने बताया कि सोमवार 11 मई को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम को यादगार और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता, पार्किंग, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि श्री जंगेश्वर महादेव मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने समिति के प्रधान राकेश शर्मा (रक्की), उप-प्रधान हरीश सिंगला, सचिव अनिल शर्मा, महेन्द्र भड़ाना, विषु गर्ग, ठाकुर सुजान सिंह, पूरण लाल शर्मा, दिवांशु गौर, ओ.पी. शर्मा, अनिल गोयल, दिनेश तायल और कुशाग्र शर्मा सहित सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन श्रद्धालुओं और नागरिकों के लिए प्रेरणादायक एवं ऐतिहासिक सिद्ध होगा। उन्होंने आमजन से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
एमडी शुगर मिल एवं कार्यक्रम की नोडल अधिकारी द्विजा ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पलवल शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, अन्य श्रद्धालु, एवं विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं और संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जिससे पूरे वातावरण में धार्मिक आस्था एवं उत्साह का माहौल बनेगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। द्विजा ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियां लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।




