Panchkula/Kalka/Pinjore/Morni/Raipur Rani News: विधानसभा में विधायक शक्तिरानी शर्मा ने उठाईं कालका की तीन प्रमुख मांगें, चार लेन सड़क और रायपुररानी-मोरनी को नगरपालिका का दर्जा देने की मांग

Desh Rojana
On

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कालका की विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने शून्यकाल में कालका विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी तीन प्रमुख मांगें सदन में उठाते हुए सरकार से इनके शीघ्र समाधान की मांग की।

कालका/पिंजौर/रायपुररानी/मोरनी: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कालका की विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने शून्यकाल में कालका विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी तीन प्रमुख मांगें सदन में उठाते हुए सरकार से इनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने पिंजौर-मल्हा जंक्शन से कालका-परवाणु हिमाचल बॉर्डर तक चार लेन सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने तथा रायपुररानी खंड और मोरनी खंड को नगरपालिका का दर्जा देने का मुद्दा प्रमुखता से रखा।

WhatsApp Image 2026-09-01 at 11.46.02 PM (1)

विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि पिंजौर-मल्हा जंक्शन से कालका-परवाणु हिमाचल बॉर्डर तक चार लेन सड़क के निर्माण के लिए वर्ष 2026 में सरकार द्वारा लभभग 95 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि यदि इस परियोजना का टेंडर हो चुका है तो उसकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट की जाए तथा निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करवाकर निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ-साथ आवागमन भी अधिक सुगम होगा।

इसी प्रकार विधायक ने रायपुररानी खंड और मोरनी खंड को नगरपालिका का दर्जा देने की मांग भी सदन में रखी। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों को नगरपालिका का दर्जा मिलने से योजनाबद्ध विकास को बढ़ावा मिलेगा, नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा तथा क्षेत्रवासियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। उन्होंने संबंधित विभाग से इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा उचित दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कालका विधानसभा क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति मिली है। नानकपुर में 132 केवी एवं 66 केवी सब-स्टेशन, खुवाला नदी पर पुल तथा नाला डकरोग में बेरघाटी नदी पर पुल सहित करीब 25 करोड़ रुपये के विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए हैं। इसके अलावा बडोना कलां से समलेहड़ी तक करीब 3.56 करोड़ रुपये की सड़क का कार्य शुरू हुआ है। वहीं, पिंजौर-कालका क्षेत्र में सेक्टर-23 के विकास को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

विधायक ने कहा कि इन तीनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय होने से कालका विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी। क्षेत्र में सड़कों, पुलों, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ मोरनी जैसे पहाड़ी क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ गति दी जा रही है।

विधायक श्रीमती शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि कालका की जनता ने हम पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास को विकास और जनसेवा के माध्यम से पूरा करना हमारा संकल्प है। क्षेत्र की जरूरतों और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है।

 

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad