Rewari News: रेवाड़ी में 6 सितंबर को हाफ मैराथन, जिला में होने वाली हाफ मैराथन में अधिक से अधिक युवाओं की हो भागीदारी : डीसी
हर घर तिरंगा अभियान में भी बढ़ चढ़कर भागीदारी करें विद्यार्थी, अभियान के तहत स्कूलों में करवाएं जाएंगे जागरूकता कार्यक्रम
गुरुवार को डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि 6 सितंबर को जिला रेवाड़ी में आयोजित होने वाली हाफ मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं होगी, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का एक प्रभावी माध्यम बनेगी।
रेवाड़ी: गुरुवार को डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि 6 सितंबर को जिला रेवाड़ी में आयोजित होने वाली हाफ मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं होगी, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का एक प्रभावी माध्यम बनेगी।
उन्होंने सभी विद्यालयों के प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि यह आयोजन जन-जन की सहभागिता का प्रतीक बन सके। गुरुवार को डीसी की सचिवालय सभागार में जिला के विद्यालयों के प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ‘हरियाणा उदय अभियान’ के अंतर्गत आयोजित यह मैराथन युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करेगी। डीसी ने कहा कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को मैराथन के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें आयोजन में बढ़ - चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए। स्कूलों में खेल, स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, पोस्टर प्रतियोगिता तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक सकारात्मक संदेश पहुंच सके।
जिला में 9 अगस्त से चलाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान: डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष रूप से मनाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने प्राचार्यों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी तथा विद्यार्थियों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। इसके साथ-साथ जिला में तिरंगा रैलियां, प्रदर्शनी, सेल्फी विद तिरंगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में एसपी हेमेंद्र मीणा, सीटीएम जितेंद्र कुमार, डीडीपीओ नरेंद्र सारवान, डीपीआरओ बिजेंद्र कुमार और डिप्टी डीईओ अरविंद कुमार सहित विद्यालयों के प्राचार्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



