Palwal news डीजल-पेट्रोल पर्याप्त व आपूर्ति सुचारू, अवैध रूप से स्टॉक व बिक्री की अनुमति नहीं : जयेंद्र सिंह छिल्लर

Desh Rojana
On

जिला सचिवालय पलवल के सभागार में आउटलेट्स से हाई स्पीड डीजल एवं मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) की अत्यधिक बिक्री तथा एक राज्य से दूसरे राज्य में इनके अवैध मूवमेंट पर रोक लगाने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।

पलवल,। जिला सचिवालय पलवल के सभागार में आउटलेट्स से हाई स्पीड डीजल एवं मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) की अत्यधिक बिक्री तथा एक राज्य से दूसरे राज्य में इनके अवैध मूवमेंट पर रोक लगाने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने की।  उपायुक्त ने कहा कि जिले में ईंधन की कालाबाजारी और अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर एक टास्क फोर्स कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी नियमित रूप से विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाकर स्थिति पर निगरानी रखेगी।

बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने निर्देश दिए कि जिले की उन सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए जो अन्य राज्यों से जुड़ी हुई हैं। इसके लिए आवश्यकतानुसार विशेष नाके स्थापित किए जाएंगे, ताकि डीजल एवं पेट्रोल की अवैध आवाजाही को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य ईंधन की कालाबाजारी पर पूर्ण अंकुश लगाना और राजस्व हानि को रोकना है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित टास्क फोर्स कमेटी द्वारा की जाने वाली जांच एवं निरीक्षण की रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ईंधन की कालाबाजारी एवं अवैध परिवहन से जुड़े मामलों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उपायुक्त डा. छिल्लर ने पैट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि यदि कोई अनावश्यक रूप से बल्क में ऑयल की खरीद करता है तो उसकी जानकारी जिला प्रशासन को दें। साथ ही बल्क में किसानों के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार ही तेल दें। नियमों की उल्लंघना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। अन्य किसी को बल्क में तेल न दिया जाए। वास्तविक खरीददार को ही तेल दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमित रूप से ऑयल की खपत व आपूर्ति की जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।
उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने आम जनमानस का भी आह्वïान किया कि वे अनावश्यक रूप से ऑयल को स्टॉक करने का प्रयास न करें। ऑयल की पर्याप्त उपलब्धता है। अफवाहों से दूर रहकर आवश्यकतानुसार ही नियमित रूप से ऑयल लें। पूछे जाने पर पैट्रोल पंप संचालकों ने सुनिश्चित किया कि डीजल-पैट्रोल की कोई कमी नहीं है और नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है। वहीं इंडियन ऑयल के प्रतिनिधि रवि ने भी सुनिश्चित किया कि डीजल-पैट्रोल की सप्लाई सुचारू है। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह, एएफएसओ महेश कुमार, चांद सिंह, आबकारी एवं कराधान विभाग के इंसपैक्टर राजीव, नितिन, तोताराम, रिटेल सेल्स प्रबंधक रवि यादव सहित पैट्रोल पंप संचालक मौजूद रहे।IMG-20260603-WA0015

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad