Palwal News: शिक्षित बेरोजगार युवा रोजगार पोर्टल पर करवाएं पंजीकरण : उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर
निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों और सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
जिला के सभी शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सूचित किया जाता है कि रोजगार विभाग हरियाणा सरकार द्वारा संचालित हरियाणा रोजगार पोर्टल ( www.hrex.gov.in) पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं।
पलवल: जिला के सभी शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सूचित किया जाता है कि रोजगार विभाग हरियाणा सरकार द्वारा संचालित हरियाणा रोजगार पोर्टल ( www.hrex.gov.in) पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं। इस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी प्राप्त होती है। साथ ही हरियाणा सरकार द्वारा शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ भी मिलता है।
उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण करवाने से युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और कौशल के अनुरूप रोजगार संबंधी सूचनाएं समय-समय पर उपलब्ध करवाई जाती हैं, जिससे उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी मिलेगी जानकारी
-रोजगार पोर्टल युवाओं को बनाएगा अधिक सक्षम और रोजगारोन्मुख
उपायुक्त ने बताया कि रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण के उपरांत अभ्यर्थियों को केवल नौकरी संबंधी जानकारी ही नहीं, बल्कि कौशल विकास कार्यक्रमों, प्रशिक्षण योजनाओं तथा अन्य रोजगारोन्मुख गतिविधियों की जानकारी भी नियमित रूप से उपलब्ध करवाई जाती है। इससे युवा अपने कौशल को विकसित कर रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि रोजगार पोर्टल युवाओं और नियोक्ताओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क
-ऑनलाइन अथवा रोजगार कार्यालय में जाकर करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
जिला रोजगार अधिकारी शक्तिपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ने स्पष्ट किया है कि रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया अत्यंत सरल एवं पूर्णत: नि:शुल्क है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे फैमिली आईडी, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र एवं मोबाइल नंबर के साथ संबंधित रोजगार कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त युवा स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने जिला के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाएं तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार संबंधी अवसरों का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।




