Palwal News: निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान शुरू

मुख्य निर्वाचन आयोग हरियाणा ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, एक जुलाई होगी क्वालिफाइंग डेट

Desh Rojana
On

मुख्य निर्वाचन आयोग हरियाणा ए. श्रीनिवास ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

पलवल:  मुख्य निर्वाचन आयोग हरियाणा ए. श्रीनिवास ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न की जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एसआईआर-2026 के लिए 1 जुलाई 2026 को क्वालिफाइंग डेट निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार 5 जून से 14 जून तक प्रशिक्षण गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके उपरांत बीएलओ द्वारा 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर सत्यापन एवं गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण किया जाएगा। वहीं मतदान केंद्रों का पुनर्गठन 14 जुलाई तक, ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को, दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक, दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 18 सितंबर तक तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से भी संचालित रहेगी।

WhatsApp Image 2026-06-03 at 11.24.20 PM

-जिले में एसआईआर को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार : जिला निर्वाचन अधिकारी

-कंट्रोल रूम स्थापित, हेल्पलाइन-1950 पर मिलेगी जानकारी
वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाली एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक इस प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में एसआईआर अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जबकि मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर-1950 भी सक्रिय रहेगा। इसके अतिरिक्त एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) की निगरानी में फील्ड स्टाफ की तैनाती की जाएगी, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले में 717 बीएलओ और 80 सुपरवाइजर कार्यरत हैं। अभियान के दौरान सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने का कार्य करेंगे।

-2002 के बाद पहली बार हो रहा विशेष गहन पुनरीक्षण : डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर
-नए मतदाताओं के पंजीकरण, पोलिंग स्टेशनों के युक्तिकरण और दावों-आपत्तियों पर रहेगा विशेष फोकस
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि हरियाणा में वर्ष 2002 के बाद पहली बार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया जा रहा है। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे, उनकी जानकारी का सत्यापन करेंगे तथा प्रपत्रों को एकत्रित भी करेंगे। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) भी किया जाएगा। जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक है, वहां आवश्यकतानुसार नए मतदान केंद्र बनाए जाएंगे ताकि मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है तो वह निर्धारित अवधि के दौरान दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है। प्रशासन द्वारा प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मीडिया, राजनीतिक दलों, बीएलओ, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों के सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न होगा तथा जिले की मतदाता सूची को और अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा। साथ ही स्वीप गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रहे।
वीसी में एडीसी उत्सव आनंद, एसडीएम भूपेंद्र सिंह, नगराधीश प्रीति रावत सहित चुनाव अधिकारी मौजूद रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad