Nuh Mewat News: एसआईआर के तहत 15 जून से 14 जुलाई तक घर-घर जाकर होगा मतदाताओं का सत्यापन

22 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची

Desh Rojana
On

हरियाणा में लगभग 24 वर्ष बाद मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का व्यापक अभियान शुरू होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा, जिसके तहत बूथ स्तर पर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा।

नूंह: हरियाणा में लगभग 24 वर्ष बाद मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का व्यापक अभियान शुरू होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा, जिसके तहत बूथ स्तर पर घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। अभियान के उपरांत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ), बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा सुपरवाइजर्स को समयबद्ध प्रशिक्षण देकर इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाया जाए।IMG-20260603-WA0099
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसका शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिलों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित कर जनसहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए ‘गणना फॉर्म’ हिंदी भाषा में उपलब्ध कराए जाएंगे। यह फॉर्म 5 जून 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। जिन घरों से गणना फॉर्म वापस प्राप्त नहीं होंगे, वहां बीएलओ पड़ोसियों से जानकारी एकत्र कर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लिकेट मतदाताओं की पहचान करेंगे। प्रत्येक ऐसे घर का कम से कम तीन बार दौरा करना बीएलओ के लिए अनिवार्य होगा।
श्रीनिवास ने स्पष्ट किया कि यदि किसी घर में संबंधित मतदाता उपस्थित नहीं है तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य गणना फॉर्म पर हस्ताक्षर कर उसे बीएलओ को सौंप सकता है। ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भरने वाले मतदाताओं के मामलों में भी बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं होंगे, उनकी बूथवार सूची पंचायत भवनों, शहरी निकाय कार्यालयों तथा बीडीपीओ कार्यालयों के नोटिस बोर्डों पर प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही नाम शामिल न होने के संभावित कारण भी सार्वजनिक किए जाएंगे। यह सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध रहेंगी।
 जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने वीसी के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया कि जिला नूंह में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें अभियान की विस्तृत जानकारी दी जा चुकी है तथा उन्हें बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने के संबंध में भी अवगत कराया गया है। इसके साथ ही ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ व सुपरवाइजर की ट्रेनिंग शुरू कर दी गई हैं।
उपायुक्त ने बताया कि जिला मुख्यालय पर मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 तथा हेल्पडेस्क स्थापित कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त जिले में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वीप (SVEEP) गतिविधियों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा, जिसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बने।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad