Rewari News: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान : घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे बीएलओ : डीसी

एसआईआर के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर डीसी अभिषेक मीणा ने की बैठक

Desh Rojana
On

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम-2026 के तहत व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल नहीं हो सके। 

रेवाड़ी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम-2026 के तहत व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल नहीं हो सके। 
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने इस संदर्भ में बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक से पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवासन ने प्रदेश के सभी जिलों के डीसी व अन्य अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने बताया कि इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के लिए 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। अर्थात जो नागरिक 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके होंगे, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के पात्र होंगे। वहीं अभियान के तहत मृत, स्थानांतरित व अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।
 
new
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक करते डीसी अभिषेक मीणा।
 
उन्होंने बताया कि अभियान का प्रारंभिक चरण 5 जून से 10 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। 
डीसी ने बताया की 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य करेंगे। इस दौरान मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो अपडेट करेंगे तथा हस्ताक्षर करवाकर फॉर्म प्राप्त करेंगे। साथ ही नए मतदाताओं के लिए आवश्यक फॉर्म-6 भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। मतदाता ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी आवेदन कर सकेंगे। 
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र व्यवस्था की मजबूती का आधार है। यह पुनरीक्षण अभियान इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईआरओ और एईआरओ अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ अपने क्षेत्र में सर्वे कार्य की निरंतर समीक्षा भी करें। डीसी अभिषेक मीणा ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब बीएलओ घर-घर सर्वेक्षण के लिए आएं तो उन्हें पूरा सहयोग दें। मतदाता अपने नाम, पता, जन्मतिथि तथा अन्य विवरणों की जांच प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अवश्य करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित समय अवधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं। 
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का पालन करना अत्यंत आवश्यक है और सभी दावे एवं आपत्तियां तय अवधि के दौरान ही स्वीकार की जाएंगी। इस अवसर पर एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उप निदेशक अमित पंवार व नायब तहसीलदार चुनाव अजय कुमार आदि मौजूद रहे।
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad