Palwal News : पलवल मंत्री गौरव गौतम के प्रयास से खेल सुविधाओं को नई उड़ान, सिंथेटिक कोर्ट से बढ़ा खिलाड़ियों का हौसला
नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिले के पहले सिंथेटिक टेनिस कोर्ट का उद्घाटन, इसी कोर्ट पर नेटबॉल भी खेल सकेंगे खिलाड़ी; इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण कर खेल मंत्री गौरव गौतम ने कमियां दूर करने के दिए निर्देश
पलवल में खेल सुविधाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिले के पहले सिंथेटिक टेनिस कोर्ट का उद्घाटन किया गया। खास बात यह है कि इस बहुउपयोगी सिंथेटिक कोर्ट पर टेनिस के साथ-साथ नेटबॉल का अभ्यास और मुकाबले भी आयोजित किए जा सकेंगे। इससे जिले के टेनिस और नेटबॉल खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध होगी। 
खेल मंत्री गौरव गौतम ने सिंथेटिक कोर्ट का निरीक्षण करने के साथ खिलाड़ियों से बातचीत की और खेल सुविधाओं को लेकर उनकी आवश्यकताओं को जाना। इस दौरान खेल विभाग के निदेशक राम मेहर सिंह भी मौजूद रहे। खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को केवल मैदान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऐसा खेल वातावरण देना है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारकर जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इसके बाद खेल मंत्री गौरव गौतम ने पलवल के इंडोर स्टेडियम में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से चल रहे कार्यों की प्रगति और सुविधाओं की जानकारी ली। इंडोर स्टेडियम में सिंथेटिक कोर्ट तैयार किया गया है, जिससे यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को बेहतर खेल सतह मिल सकेगी। खेल मंत्री ने कहा कि पलवल के इंडोर स्टेडियम को उच्च स्तरीय सुविधाओं से लैस करने की दिशा में काम किया जा रहा है। स्टेडियम को साउंड प्रूफ और वातानुकूलित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे खिलाड़ियों को मौसम की परवाह किए बिना बेहतर वातावरण में अभ्यास करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण और सुधार कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। खिलाड़ियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री को स्टेडियम के कुछ हिस्सों में कमियां भी नजर आईं। उन्होंने मौके पर ही खेल विभाग के निदेशक राम मेहर सिंह को संबंधित कमियों को तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और स्टेडियम में उपलब्ध प्रत्येक सुविधा का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। गौरव गौतम ने कहा कि खेल परिसरों में केवल नई सुविधाएं विकसित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका बेहतर रखरखाव भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों से लगातार फीडबैक लिया जाए और उनकी जरूरत के अनुसार सुविधाओं में सुधार किया जाए। निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री का खिलाड़ियों के प्रति अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने स्वयं खिलाड़ियों के साथ टेनिस और नेटबॉल खेलकर पसीना बहाया। खेल मंत्री को अपने बीच खेलता देखकर खिलाड़ियों में भी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित अभ्यास, अनुशासन और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया। खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। इसी दिशा में खेल विभाग लगातार काम कर रहा है।
पलवल में सिंथेटिक कोर्ट और इंडोर स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की पहल को खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। आने वाले समय में इन सुविधाओं से जिले में टेनिस, नेटबॉल सहित अन्य इंडोर खेलों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वही खेल मंत्री गौरव गौतम ने BRICS सम्मेलन को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक साख लगातार मजबूत हो रही है। आज दुनिया के प्रमुख देश भारत के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने और सहयोग बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। BRICS सम्मेलन भी भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत और वैश्विक प्रभाव का प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता के कारण भारत की आवाज को विश्व मंच पर मजबूती से सुना जा रहा है और अनेक देशों के साथ आर्थिक, रणनीतिक एवं द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हो रहे हैं। खेल मंत्री का संदेश: खिलाड़ियों को बेहतर मैदान, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

About The Author
संबंधित समाचार



